रंगियाः रंगिया पुलिस ने अभियान चलाकर एक ट्रक से 120 किलोग्राम गांजा बरामद करने के साथ ही ट्रक चालक व खलासी को हिरासत में लेकर एक अन्य सफलता अपने नाम की है। प्राप्त जानकारी के अनुसार गुप्त सूचना के आधार पर गत रात्रि राष्ट्रीय राजमार्ग-31 पर रंगिया सदर थाना के थानाध्यक्ष भाष्कर मल्ल पटवारी के नेतृत्व में पुलिस दल ने अभियान चलाया। उक्त अभियान में एक ट्रक नं. एनएल-01 एन-9672 के केबिन में छिपाकर रखे हुए बारह बंडल बरामद किए गए। जिनमें से 120 किलोग्राम गांजा बरामद होने की जानकारी दी गई है। पुलिस ने त्वरित कार्यवाही करते हुए ट्रक सहित चालक धर्मवीर सिंह तथा खलासी कृषन पालक को गिरफ्तार कर लिया है। मालूम हो कि दोनों उत्तर प्रदेश के फिरोजाबाद के रहने वाले बताए गए हैं। बहरहाल पुलिस दोनों से गहन पूछताछ कर रही है।