गुवाहाटी : राउंड टेबल इंडिया की ओर से आर्थिक रूप से कमजोर परिवार के 20 लोगों का मोतियाबिंद का ऑपरेशन निःशुल्क करवाया गया। राउंड टेबल इंडिया (आरटीआई) के अंतर्गत गुवाहाटी गेटवे राउंड टेबल (जीजीआरटी 240) व लेडीज सर्कल इंडिया के अंतर्गत गुवाहाटी गेटवे लेडीज सर्कल (जीजीएलसी 158) के संयुक्त तत्वावधान में प्रोजेक्ट दिव्यांग के तहत यह मानव सेवा का कार्य किया गया। कुमारपाड़ा स्थित गुवाहाटी नेत्रालय में डॉ. अनिल अग्रवाल की देखरेख में सभी मरीजों का इलाज निःशुल्क कराने के अलावा उन्हें दवाइयां भी मुहैया कराई गई। जीजीआरटी 240 के अध्यक्ष शुभम सरावगी ने बताया कि यह एक राष्ट्रीय पहल है और यह गतिविधि एएमपीएल फाउंडेशन, सेफ एग्रीट्रेड, लक्जरी राइड और आईएमएस मर्केंटाइल्स के अनुदान व सहयोग से पूरे देश में 10 से 25 सितंबर तक की जाती है। देश भर में 75 शाखाएं कृृत्रिम अंग, कृृत्रिम हाथ, व्हीलचेयर जैसे आदि चिकित्सा के लिए सहायता प्रदान कर रही हैं।