नासा का पर्सीवरेंस रोवर  मंगल ग्रह पर जीवन के अवशेष खोज रहा है। मंगल के जेजेरो क्रेटर में नासा के पर्सीवरेंस रोवर ने अब तक के सबसे महत्वपूर्ण सैंपल की खोज की है। हाल ही में लिए गए सैंपल में कार्बनिक पदार्थ भी मिले हैं। ये खोज किसी खजाने से कम नहीं है, ऐसा हम नहीं बल्कि नासा ने ट्वीट कर इस बात को कहा है। इससे वैज्ञानिक मान रहे हैं कि कभी झील रहा जेजेरो क्रेटर 3.5 अरब साल पहले जीवन के वातावरण के काबिल था। कैलिफोर्निया के पासाडेना में इंस्टीट्यूट ऑफ टेक्नोलॉजी में पर्सीवरेंस प्रोजेक्ट के वैज्ञानिक केन फार्ले ने कहा कि जिन चट्टानों की हम डेल्टा पर जांच कर रहे हैं उनमें कार्बनिक पदार्थ अब तक के मिशन में सबसे ज्यादा मिले हैं। लाल ग्रह पर पर्सीवरेंस रोवर का मिशन 18 महीने पहले शुरू हुआ था। यहां रोवर प्राचीन माइक्रोबियल जीवन के संकेत खोजने में लगा है। पर्सीवरेंस रोवर चट्टान के नमून खोज रहा है, जिनमें जीवन से जुड़े सबूत संरक्षित हो सकते हैं। अब तक के मिशन में रोवर ने 12 पत्थरों के नमूने लिए हैं। वैज्ञानिकों को उम्मीद है कि कई मिशन के जरिए 2030 के दशक में सैंपल को धरती पर वापस पृथ्वी पर लाया जाएगा। जेजेरो क्रेटर का आकार 45 किमी के वृत्त में फैला हुआ है। वैज्ञानिकों का अनुमान है कि कभी ये क्रेटर नदी के साथ जुड़ कर एक विशाल झील का निर्माण करता था। वैज्ञानिकों का मानना है कि इसी क्रेटर के तलछट में मंगल ग्रह का इतिहास संरक्षित है। वह मानते हैं कि जब ये पानी से भरा था तभी कण इसके पत्थरों में जुड़ गए। रोवर ने जब इस क्रेटर के फ्लोर की जांच की तो उसे ज्वालामुखी के प्रमाण मिले हैं।