गुवाहाटी : पूर्वोत्तर सीमा रेल, मुख्यालय, मालीगांव में हिंदी दिवस/सप्ताह -2022 के उपलक्ष्य में मुख्य राजभाषा अधिकारी समीर दीक्षित की अध्यक्षता में राजभाषा सप्ताह का शुभारंभ आज सोमवार 19 सितंबर को दीप प्रज्जवलित कर किया गया। तत्पश्चात मुराधि महोदय की अध्यक्षता में क्षेत्रीय राजभाषा कार्यान्वयन समिति की बैठक का आयोजन हुआ। बैठक के दौरान मुख्यालय मालीगांव के विभिन्न विभागों समेत मंडलों एवं कारखानों के तिमाही के दौरान राजभाषा के क्षेत्र में की गई प्रगति मदवार की समीक्षा की गई और पाई गई कमियों को चरणबद्ध तरीके से पूरा करने का निर्देश दिया गया। इस दौरान मंडलों से उपस्थित अधिकारियों ने राजभाषा के क्षेत्र में की गई प्रगति की जानकारी साझा की। बैठक के दौरान मुख्य राजभाषा अधिकारी समेत प्रमुख विभागाध्यक्षों ने राजभाषा की प्रगति को एक नई दिशा प्रदान करने के लिए कुछ सकारात्मक और उपयोगी सुझाव भी दिए। राजभाषा सप्ताह के विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। इस सप्ताह का समापन समारोह 27.09.2022 को महाप्रबंधक, अंशुल गुप्ता की अध्यक्षता में की जाएगी। इस अवसर पर मुख्यालय, मंडलों तथा कारखानों में 2021-22 के दौरान राजभाषा में सराहनीय कार्य करने वाले अधिकारियों एवं कर्मचारियों और राजभाषा सप्ताह के दौरान विभिन्न प्रतियोगिताओं में सफल कर्मचारियों को महाप्रबंधक महोदय के कर-कमलों से राजभाषा पुरस्कार प्रदान किए जाएंगे। मुख्य राजभाषा अधिकारी समीर दीक्षित की अध्यक्षता में आयोजित इस राजभाषा सप्ताह शुभारंभ समारोह कार्यक्रम, क्षेत्रीय राजभाषा कार्यान्वयन समिति, मालीगांव, गुवाहाटी की तिमाही बैठक में मुख्यालय के प्रमुख मुख्य विभागाध्यक्षों के साथ मंडलों तथा कारखानों के सदस्य ऑन लाइन जुड़े। बैठक का संचालन वरिष्ठ राजभाषा अधिकारी सहदेव सिंह पुरती ने किया तथा धन्यवाद ज्ञापन भी वरिष्ठ राजभाषा अधिकारी सहदेव सिंह पुरती ने दिया।
पूर्वोत्तर सीमा रेल मुख्यालय, मालीगांव में राजभाषा सप्ताह का शुभारंभ
