गुवाहाटी : राज्य में नौकरियों के नाम पर अनियमितता के आरोपों के बीच आज रविवार को असम पुलिस भर्ती परीक्षा के नतीजे घोषित कर दिए गए। इसके साथ ही असम पुलिस में 5,262 पदों पर नई भर्ती हो गई। आज रविवार को घोषित सब-इंस्पेक्टर और कॉंस्टेबल के पदों के लिए सामान्य परिवारों से कई उम्मीदवार चुने गए हैं। पुलिस महानिदेशक भास्कर ज्योति महंत ने आज मीडिया को संबोधित करते हुए कहा कि असम पुलिस में 5,262 पदों के लिए 7,07,328 उम्मीदवारों ने आवेदन किया और 5,200 योग्य उम्मीदवारों का चयन किया गया। इनमें से उपनिरीक्षकों के 306 पदों के विपरीत 305 पद भरे जा चुके हैं। असम सरकार की ओर से नवगठित कमांडो बटालियन के सब-इंस्पेक्टर (एबी)के 3200 पदों के लिए 287 उम्मीदवारों का चयन किया है। इसी तरह कुल 2,136 पदों के लिए कांस्टेबल (एबी) के 1,429 और कांस्टेबल (यूबी) के 705 पदों पर भर्ती की  गई थी। नवगठित कमांडो बटालियन में कांस्टेबल (एबी) के 2,450 पदों के विपरीत 2,442 उम्मीदवारों को अंतिम चयन किया गया। दूसरी ओर डीजीसीडी और सीजीएचजी के तहत सिविल डिफेंस इंस्ट्रक्टर, पीबीएक्स ऑपरेटर और वायरलेस ऑपरेटर पदों के 42 पदों पर 31 उम्मीदवारों की भर्ती की गई। डीजीपी ने डीजीसीडी और सीजीएचजी के तहत नागरिक सुरक्षा के सहायक उप नियंत्रक (जूनियर) के 10 पदों के लिए नौ को नियुक्ति देने की भी घोषणा की। मुख्यमंत्री 22 सितंबर को गुवाहाटी के खानापाड़ा वेटरनरी कॉलेज मैदान में चयनित उम्मीदवारों को भर्ती पत्र वितरित करेंगे। कई रिक्शा चालक, नाई और बढ़ई के रुप में कार्यरत लोगों को भी इस बहाली में जगह मिली है।