बोकाजान : असम में यूरिया की कालाबाजारी के एक बड़े रैकेट का भंडाफोड़ असम-नगालैंड सीमा में स्थित खटखटी पुलिस ने किया। जानकारी अनुसार सोमवार देर रात बोकजान के खटखटी पुलिस ने अवैध रूप से मणिपुर और नगालैंड जा रहे यूरिया भर्ती पांच ट्रकों को पकड़ा। ट्रकों से करीब 38 सौ बोरी यूरिया बरामद किया गया। ट्रक चालकों के पास यूरिया परिवहन संबंधित दस्तावेज नही थे। अंततः कालाबाजारी के संदेह में ट्रकों को जब्त कर लिया गया। खटखटी पुलिस ने ट्रकों के चालक सहित छह लोगों को गिरफ्तार किया। पकड़े गए लोगों की पहचान झारखंड निवासी नबनित कुमार सिंह, दिनेश सिंह और राजेश कुमार के रूप में, जबकि बिहार के रहने वाले गुड्डू कुमार, राहुल कुमार के अलावा पुलिस ने असम-नगालैंड सीमंतवर्ती अंचल से इस यूरिया की कालाबाजारी को नियंत्रित करने के आरोप में ताराचंद नामक एक दलाल को भी हिरासत में लिया है। पुलिस की पूछताछ में चालकों ने बताया कि सभी यूरिया भर्ती ट्रकों को झारखंड से लाया जा रहा था और इसे मणिपुर और नागालैंड में ले जाया जा रहा था। असम से नगालैंड होते हुए मणिपुर जाने वाले 39 नंबर राष्ट्रीय राजमार्ग से ट्रकों के गुजरने की जानकारी मिलने के बाद खटखटी पुलिस ने सभी ट्रकों को सीमा पर रोका और तलाशी ली। बाद में मामले की जानकारी कृषि विभाग को दी गई, मगर महज कुछ किलोमीटर की दूरी से कृषि विभाग के अधिकारियों को मौके पर पहुंचे के लिए करीबन दस घंटे से अधिक समय लगना कई सवाल खड़े कर रही है। मौके पर उपस्थित कृषि विभाग के अधिकारियों ने इस कार्य को अवैध बातया और इस प्रकार से यूरिया का एक राज्य से दूसरे राज्य में सरकारी अनुमति के बिना भेजे जाने को अवैध बातया।