गोलाघाट : गोलाघाट के जिला उपायुक्त कार्यालय के सभागार में आगामी शारदीय दुर्गा पूजा को सुचारू रूप से अयोजित किए जाने के संदर्भ पर जिला प्रशासन, पुलिस प्रशासन, नगरपालिका प्रशासन, पूजा समितियों के प्रतिनिधियों और संबंधित विभागों के प्रमुख अधिकारियों की उपस्थिति में आज एक बैठक संपन्न हुई। जिला विकास आयुक्त अर्पा बागलारी की अध्यक्षता में आयोजित इस बैठक में अतिरिक्त उपायुक्त कुलदीप हजारिका ने दुर्गोत्सव को सुचारू रूप से अयोजित किए जाने के लिए सभी पक्षों के सहयोग की कामना की। वहीं दूसरी तरफ पूजा आयोजित किए जाने के लिए प्रशासन की ओर से अनुमति हेतु आवेदन की अंतिम तारीख 25 सितंबर तक निर्धारित की गई है। अतिरिक्त उपायुक्त ने कहा कि प्रत्येक पूजा समिति को मंडप निर्माण के दौरान सार्वजनिक गलियां-सड़कें बंद न हो इस विषय पर नजर रखना होगा। पूजा समितियों को पर्याप्त संख्या में स्वयं सेवकों को नियुक्त करना पड़ेगा और पुरूष-महिलाओं के प्रवेश तथा प्रस्थान के लिए अलग अलग मार्गों की व्यवस्था करनी पड़ेगी। पूजा मंडप में अग्नि निर्वापक उपकरण उपलब्ध रखने, पूजा स्थल के पास यातायात नियंत्रण की व्यवस्था करना, साफ-सफाई बरतने, प्लास्टिक की सामग्रियों के उपयोग से बचने, रात दस बजे के बाद माइक आदि साउंड सिस्टम को बंद करने, मादक द्रव्यों के व्यवहार को रोकने आदि विषयों से संबंधित कई निर्देश दिए गए।