बरपथारः गोलाघाट जिला के बरपथार टाउन में आज सुबह से अतिक्रमण हटाओ अभियान चलाया गया। बरपथार टाउन के हॉस्पिटल तिनाली से गेलाबिल तिनाली तक स्थित करीबन 70 से भी अधिक व्यवसायिक प्रतिष्ठानों पर रेलवे विभाग ने बुलडोजर चलवाया। आज सुबह 11 बजे से दो एक्सभेटर के जरिए रेलवे ने अतिक्रमण हटाओ अभियान चलाया। उल्लेखनीय है कि गत 70 वर्षों से अधिक समय तक अधिकांश लोग रेलवे की जमीन पर अवैध रूप कब्जा कर व्यवसायिक प्रतिष्ठान खोलकर व्यवसाय करते आ रहे थे। इसके अलावा अधिकांश लोग रेलवे की जमीन पर अवैध रूप से घर का निर्माण कर रह रहे थे। उत्तर पूर्व सीमांत रेलवे के लामडिंग डिविजन के उच्च पदस्थ अधिकारी और रेलवे पुलिस तथा सीआरपीएफ की उपस्थिति में अतिक्रमण हटाओ अभियान चलाया गया। अभियान के दौरान धनसिरी महकमा प्रशासन और पुलिस विभाग ने भी रेलवे का सहयोग किया। बरपथार रेलवे स्टेशन के विकास के लिए यह अभियान चलाए जाने की जानकारी मिली है। साथ ही अतिक्रमण हटाए गए स्थान पर दोहरी रेल ट्रैक लगाने की व्यवस्था किए जाने की जानकारी सरूपथार राजस्व विभाग अधिकारी हेमांग नवीस ने दी हैं।
बरपथार में रेलवे ने चलाया अतिक्रमण हटाओ अभियान, तोड़े 70 से अधिक व्यवसायिक प्रतिष्ठान