योग आपतो बिना किसी नुकसान पहुंचाएं सही आकार पाने में मदद करता है। योगा वजन और फैट घटाने का एक प्राकृतिक तरीका है और इसके लिए आपको किसी तरह की मशीन का इस्तेमाल करने की जरूरत नहीं पड़ती। योगा हमेशा जिम से बेहतर कार्य करता है। शरीर से अतिरिक्त कैलोरी को बर्न करने और वजन कम करने के लिए योगा सबसे प्रभावी तरीका है। योगा न केवल हमें शारीरिक रूप से फिट रखता है बल्कि मानसिक शांति प्राप्त करने में भी मदद करता है। यह मन, शरीर और आत्मा को आपस में जोड़ने का अच्छा तरीका है। जब योगा और जिम में से किसी एक को चुनने की बात आती है तो बहुत से लोगों के मन में सवाल होते हैं कि योगा बेहतर है या जिम। हर किसी चीज के अपने नुकसान और फायदे होते हैं, लेकिन जब योग की बात आती है, तो जिम के मुकाबले यह अधिक लाभकारी है। हालांकि यह सच है कि योगा से परिणाम मिलने में थोड़ा समय लगता है। आप स्वस्थ रहने के लिए कई तरह के योगासनों का अभ्यास कर सकते हैं। जानिए, जिम के मुकाबले योग क्यों बेहतर है।
योगा प्रभावी है : शरीर को सही आकार में लाने के लिए और बॉडी को टोन करने के लिए योगा सबसे प्रभावी और प्राकृतिक तरीका है। यह बॉडी वर्कआउट के तौर पर काम करता है साथ ही कोर को मजबूत करने में मदद करता है। योगा स्टेमिना को बढ़ाता है और शरीर की प्रतिरक्षा में सुधार करता है।
योगासन कार्डियो की तरह काम करते हैं : जब आप योगा का अभ्यास कर रहे हैं तो आपको अलग से कार्डियो करने की जरूरत नहीं है। यह अतिरिक्त कैलोरी को बर्न करने में मदद करता है। अगर आप जिम करते हैं, तो आपको वार्म-अप करने के लिए कार्डियो करना पड़ता है, जिसके लिए अतिरिक्त समय की जरूरत होती है। सूर्य नमस्कार और कई अन्य आसन आपकी मांसपेशियों को सही तरीके से काम करने में मदद करते हैं।
योगा कहीं भी किया जा सकता है : आपको योगा करने के लिए किसी विशेष स्थान पर जाने की जरूरत नहीं है। आप कहीं भी योगा का अभ्यास कर सकते हैं। अपने घर पर और यहां तक कि अपने कमरे में भी आप योगा कर सकते हैं। जबकि जिम के लिए आपको बाहर जाना पड़ता है।
चोट लगने की संभावनाएं नहीं होती : चूंकि योगा करने के लिए किसी तरह के उपकरण की जरूरत नहीं होती है, इसलिए योगा के अभ्यास के दौरान आपको चोट लगने की संभावनाएं नहीं होती। योगा आपको लंबे समय से रहने वाले पीठ दर्द, पैर दर्द या किसी अन्य शरीर के दर्द में राहत पाने में मदद करता है। इसके लिए आपको सही आसन या मुद्रा का अभ्यास करने की जरूरत होती है।