दिसपुर : कामरूप (ग्रामीण) जिला के रंगिया पुलिस ने गुप्त सूचना के आधार पर अभियान चलाकर बड़ी संख्या में विलुप्त प्रजाति के जानवरों के साथ दो तस्करों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने बताया कि गुरुवार की तड़के रंगिया थाना प्रभारी भास्कर मल्ल पटवारी के नेतृत्व में चलाए गए अभियान के दौरान दो वाहन (डीएल-08सीएक्यू-9876 और डीएल-10सीएच-7924) को जब्त किया गया। वाहन के अंदर से पुलिस ने दो कंगारू, दो चिंपांजी, विभिन्न प्रजाति के 19 बंदर, 18 कछुआ आदि बरामद किया गया है। इस मामले में तमिलनाडु के निवासी रघु सिंह और भीलीपुरम के कार्तिक नामक दो तस्करों को गिरफ्तार किया गया है। गिरफ्तार दोनों तस्करों ने बताया कि मिजोराम के समीप से जब्त किए गए सभी विलुप्त प्रजाति के जानवरों को लेकर वे दिल्ली जा रहे थे। पुलिस ने राष्ट्रीय राजमार्ग-31 पर चलाए गए अभियान के दौरान दोनों वाहनों को जब्त कर लिया है। गिरफ्तार किए गए एक व्यक्ति ने अपने आपको सेना का अधिकारी बताया है। उसके पास से सेना का परिचय पत्र भी बरामद किया गया है। जब्त किए गए पशुओं की कीमत करोड़ों रुपए आंकी गई है। पुलिस इस संबंध में एक प्राथमिकी दर्ज कर मामले की जांच कर रही है।
दिल्ली रजिस्ट्रेशन वाली कार समेत भारी मात्रा में विलुप्त प्रजाति के जानवर बरामद, दो गिरफ्तार
