गुवाहाटीः सतर्कता और भ्रष्टाचार निरोधक निदेशालय ने बुधवार को दरंग जिले के पथरीघाट के राजस्व अंचल के लाट मंडल  हरि दास सिन्हा को रिश्वत के साथ रंगे हाथों गिरफ्तार किया। पुलिस सूत्रों के अनुसार लाट मंडल ने शिकायतकर्ता से भूमि नामाकरण के नाम पर पहले एक लाख रुपए की  मांग की थी। शिकायतकर्ता की ओर से कम करने के आग्रह के बाद रिश्वत की रकम को घटाकर अंत में 17 हजार रुपए कर दी गई थी। हालांकि लाट मंडल को पैसे देने के बदले शिकायतकर्ता ने सबक सिखाने का मन बनाया और कड़ी कार्रवाई के मद्देनजर सतर्कता और भ्रष्टाचार विरोधी निदेशालय से संपर्क किया। संबंधित विभाग ने आज एक टीम द्वारा राजस्व कार्यालय पथरीघाट में लाट मंडल को रंगे हाथों पकड़ने के लिए जाल बिछाया जहां लालची मंडल जाल में फंस गया। मंडल हरि दास सिंन्हा को दो बजे के बाद उनके कार्यालय में रिश्वत के तौर पर 10 हजार दिया गया और उसके लेने के तुरंत बाद कार्यालय में रंगे हाथ पकड़ा लिया गया। शिकायतकर्ता से मांगी गई रिश्वत की राशि लाट मंडल के कब्जे से  बरामद की गई।