तिनसुकिया : सशक्त महिलाएं, साक्षर बच्चे, स्वस्थ भारत जिला प्रशासन एवं जिला समाज कल्याण विभाग के सौजन्य से आज तिनसुकिया जिला उपायुक्त कार्यालय के सभाकक्ष में आधिकारिक रूप से पोषण माह-2022 एवं मातृ वंदना सप्ताह-2022 का शुभारंभ किया गया। इस अवसर पर तिनसुकिया जिला उपायुक्त कार्यालय के सभाकक्ष में जिला विकास आयुक्त नयनज्योति भगवती की अध्यक्षता में आयोजित सभा में समाज कल्याण विभाग के अतिरिक्त उपायुक्त सरफराज हक ने गर्भवती महिला, दुग्धपान करवा रही महिला शून्य से छह वर्ष के शिशुओं और किशोर के लिए कल्याण हेतु समाज कल्याण विभाग की ओर से चलाए जा रहे योजनाओं के बारे में विस्तृत जानकारी दी और समाज में पोषण के प्रति जागरूकता पैदा करने के लिए कदम उठाने का आग्रह किया। पोषण माह एवं मातृ वंदना सप्ताह के माध्यम से आयोजन में विभिन्न विभागों के साथ-साथ जनता का भी सहयोग अति आवश्यक है। सभा में बच्चे और मातृ पोषण को बढ़ावा देने और इस मुद्दे पर जागरूकता पैदा करने की शपथ भी दिलाई गई।