डिब्रूगढ़ : डिब्रूगढ़ के दो एटीएम मशीनों में हुई लाखो की लूट के बाद बैंक अधिकारियों में हड़कंप मच गया। जानकारी के अनुसार डिब्रूगढ़ जिले के बरबरुवा अंचल में लुटेरों के गिरोह ने दो एटीएम मशीन को तोड़कर 45 लाख रुपए की लूट कर उसमें आग लगा दी। रात को जब आग बुझाई गई तो सभी को मालूम चला कि एटीएम में चोरी हुई है। डिब्रूगढ़ के अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक बितुल चेतिया ने बताया कि बरबरुवा में एसबीआई व पीएनबी के दो एटीएम मशीन से 45 लाख रुपए की लूट की गई। दोनों ही एटीएम मशीन पर कोई भी सुरक्षाकर्मी नही थे। रात को पुलिस की टीम पेट्रोलिंग कर उक्त अंचल से गुजरी तो सब ठीक था। लेकिन कुछ समय बाद एटीएम मशीन में आग लगने की खबर पुलिस को मिली और तत्काल अग्निशमन दस्ते को सूचित कर पुलिस भी घटनास्थल पर पहंुच गई। आग बुझाने के बाद मालूम चला कि एटीएम मशीन से रुपए की लूट हुई है। संभवतः मशीन को गैस कटर मशीन से काटने के समय आग लगी होगी। पुलिस अधीक्षक ने बताया कि ये चोर बाहरी राज्य के हो सकते हैं, क्योंकि इस प्रकार की चोरी ऊपरी असम के चोर नहीं करते, फिर भी पुलिस जांच कर रही है। दूसरी तरफ उन्होंने शिवसागर जिले ले डिमौ अंचल में भी एक एटीएम मशीन में लूट होने की खबर मिली थी। मालूम हो कि कुछ महीनों पहले रंगिया में भी इसी प्रकार से एटीएम मशीन में चोरी की गई थी, जिसमें बाहरी राज्य के गिरोह के सदस्यों का हाथ था।