गुवाहाटी : मुख्यमंत्री डॉ. हिमंत विश्व शर्मा ने सोमवार को गुवाहाटी महानगर स्थित ज्योति चित्रबन फिल्म स्टूडियो परिसर में आयोजित एक समारोह में फिल्म स्टूडियो के अत्याधुनिक ऑडियो-विजुअल हब का लोकार्पण किया। उल्लेखनीय है कि 10 करोड़ रुपए की लागत वाली इस परियोजना की शुरुआत 10 नवंबर, 2019 को हुई थी और यह एनईसी द्वारा समर्थित है। लोकार्पण समारोह में मुख्यमंत्री डॉ. शर्मा ने कहा कि ऑडियो-विजुअल हब का उद्घाटन असमिया फिल्म उद्योग के इतिहास में एक महत्वपूर्ण दिन है। क्योंकि अब से उत्तर पूर्व के फिल्म निर्माताओं को फिल्मों की पोस्ट-प्रोडक्शन गतिविधियों के लिए चेन्नई या मुंबई नहीं जाना पड़ेगा। ऑडियो-विजुअल हब में स्थापित अत्याधुनिक सुविधाएं तथा नवीनतम तकनीकों का उपयोग करके फिल्म निर्माता अपने फिल्मों के पोस्ट प्रोडक्शन कार्य संपन्न करने में सक्षम होंगे। उन्होंने कहा कि फिल्म निर्माताओं को जिस रियायती दर पर ऑडियो-विजुअल हब में सुविधाएं किराए पर दी जाएंगी, उससे उन्हें पिख्र एडिटिंग, साउंड एडिटिंग, साउंड मिक्सिंग, विजुअल इफेक्ट्स, कलर करेक्शन ग्राफिक डिजाइनिंग आदि जैसे पोस्ट प्रोडक्शन के काम राज्य में ही अच्छी तरह से करने में मदद मिलेगी। मुख्यमंत्री ने कहा कि हालांकि कोविड-19 महामारी का असर असमिया फिल्म उद्योग पर पड़ा है, लेकिन राज्य सरकार उद्योग को पुनर्जीवित करने के लिए कई नए कदम उठा रही है। असम में फिल्म निर्माण की कला को बढ़ावा देने में ज्योति चित्रबन फिल्म स्टूडियो की भूमिका की सराहना करते हुए मुख्यमंत्री डॉ. शर्मा ने कहा कि संस्था बदलते समय के साथ खुद को बदल रही है। उन्होंने कहा कि 1961 में स्थापित यह संस्था सांस्कृतिक क्षेत्र के प्रख्यात रूपकोंवर ज्योति प्रसाद अगरवाला के सपने की अभिव्यक्ति थी, जिन्होंने पहली असमिया फिल्म जयमती बनाई थी। 1935 में पहली बार प्रदर्शित हुई असमिया फिल्म की यात्रा का उल्लेख करते हुए डॉ. शर्मा ने कहा कि वर्षों से फिल्में लोगों की आकांक्षाओं को प्रतिबिंबित करने वाला माध्यम रही हैं। मुख्यमंत्री डॉ. शर्मा ने कहा कि इस तथ्य को ध्यान में रखते हुए कि फिल्में राज्य की ऐतिहासिक और सांस्कृतिक विरासत को बढ़ावा देने वाली संस्कृति और व्यक्तियों को श्रद्धांजलि अर्पित की जा सकती हैं, राज्य सरकार बीर लाचित बरफूकन पर एक फीचर फिल्म तैयार कर रही है। मुख्यमंत्री ने यह भी कहा कि राज्य सरकार ज्योति चित्रबन फिल्म स्टूडियो में 1500 सीटों की क्षमता वाला एक सभागार भी बनाएगी। इस अवसर पर मुख्यमंत्री डॉ. शर्मा ने ज्योति चित्रबन फिल्म स्टूडियो को चलाने और इसे वर्तमान स्थिति तक लाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाने वाले अतीत और वर्तमान के विभिन्न व्यक्तित्वों को भी धन्यवाद दिया। इस अवसर पर मौजूद सांस्कृतिक मामलों के मंत्री बिमल बोरा ने ज्योति चित्रबन को फिल्म निर्माण का एक संभावित मंच बनाने में राज्य सरकार की भूमिका पर अपना वक्तव्य रखा। सांसद एवं मुख्यमंत्री के राजनीतिक सचिव पवित्र मार्घेरिटा, अध्यक्ष ज्योति चित्रबन फिल्म स्टूडियो सोसायटी विद्यासागर बोरा ने भी अपने विचार रखे। समारोह में सांस्कृतिक मामलों की सचिव लोया मदुरी, फिल्म अभिनेत्री मृदुला बरुवा, कई सिने कलाकार और अन्य गणमान्य व्यक्ति उपस्थित थे।
मुख्यमंत्री ने ज्योति चित्रबन फिल्म स्टूडियो के ऑडियो-विजुअल हब का किया उद्घाटन