गुवाहाटी : प्रदेश भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के अध्यक्ष भवेश कलिता ने बृहस्पतिवार को दावा करते हुए कहा कि आगले महीने यानी सितंबर महीने में बड़ी संख्या में कई दलों के कई विधायक भाजपा में शामिल होंगे। रंगिया में भारतीय जनता युवा मोर्चा (भाजयुमो) की कार्यकारिणी बैठक के दौरान प्रदेश भाजपा अध्यक्ष कलिता ने कहा कि भाजपानीत गठबंधन सरकार के काम-काज से प्रभावित होकर कई दलों के विधायक भाजपा की सदस्यता ग्रहण करेंगे। कलिता ने कहा कि सिंतंबर महीने में एक महायोगदान कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा जिसमें विधायकों के साथ बड़ी संख्या में उनके समर्थक भी  शामिल होंगे। उन्होंने दावा करते हुए कहा कि कांग्रेस के कई विधायक पार्टी में शामिल होने के लिए संपर्क में  हैं। उन्होंने कांग्रेस पार्टी को निशाने पर लेते हुए कहा कि कांग्रेस पार्टी के अंदर व्याप्त भ्रष्टाचार के कारण नेता पार्टी छोड़कर अन्य दलों में शामिल होकर अपना राजनीतिक भविष्य तलाश रहे हैं। प्रदेश भाजपा अध्यक्ष ने कहा कि अगर कांग्रेस की राजनीति करने का तरीका यही रहा तो भविष्य में उसका अस्तित्व खतरे में पर सकता है। आगामी लोकसभा चुनाव के बारे में भाजपा नेता ने कहा कि भाजपा गठबंधन 2024 में होने वाले लोकसभा चुनाव में सभी दलों से अधिक सीटें जीतेंगी।