गुवाहाटी: असम के मुख्यमंत्री डॉ हिमंत विश्वशर्मा ने राष्ट्रमंडल खेलों की लॉन बॉल्स प्रतियोगिता में स्वर्ण पदक जीतने वाली महिला टीम की सदस्य नयनमोनी सैकिया को बुधवार को हरसंभव मदद देने का वादा किया। यहां जारी सरकारी विज्ञप्ति के अनुसार हिमंत ने अपने कार्यालय में इस खिलाड़ी को सम्मानित करते हुए उनके जज्बे और जुझारूपन की प्रशंसा की। मुख्यमंत्री ने उन्हें सरकार की तरफ से हर संभव मदद पहुंचाने का वादा किया ताकि वह खेल में और आगे बढ़ सके। इस अवसर पर नयनमोनी ने बर्मिंघम के अपने अनुभवों को साझा किया। राष्ट्रमंडल खेलों में देश का प्रतिनिधित्व करने वाली पुरुषों की लॉन बॉल टीम के सदस्य मृदुल बरगोहाईं भी इस अवसर पर उपस्थित थे। भारतीय लॉन बॉल टीम ने राष्ट्रमंडल खेलों में स्वर्ण पदक जीतकर इतिहास रच दिया और पूरे देश को इस गुमनाम से खेल को देखने के लिए प्रेरित भी किया। भारत की लवली चौबे (लीड), पिंकी (सेकंड), नयनमोनी सैकिया (थर्ड) और रूपा रानी टिर्की (स्लिप) की चौकड़ी ने दक्षिण अफ्रीका को फाइनल में 17-10 से हराया। प्रतियोगिता की महिला फोर स्पर्धा में भारत पहली बार उतरा था।