गुवाहाटी : प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के आह्वान पर 13 अगस्त से 15 अगस्त तक तीन दिवसीय घर-घर तिरंगा कार्यक्रम की झलक फैंसी बाजार मे देखने को मिल रही है। लोगों में देशभक्ति का जो जज्बा दिखाई दे रहा है, उसके चलते 13 अगस्त की जगह 3 दिन पहले ही लोगों ने अपने प्रतिष्ठानों, घरों अथवा वाहनों में तिरंगे लगाने शुरू कर दिए है। सड़क पर खड़े रहने वाले रेहड़ी ठेले वालों ने भी तिरंगे लगाकर राष्ट्रभक्ति का परिचय दिया। फैंसी बाजार में तीन रंगों में रंगी कई आकर्षक सामानों की बिक्री जोरों पर है। जिसमें तिरंगा के अलावा तिरंगे की लैपल पिन, भारत का तीन रंगों में रंगा नक्शा, हाथों में पहनने वाला तीन रंग का बैंड, तीन रंग में रंगे कागज के चश्मे, तीन रंग के दुपट्टे आदि अनेक सामान की दुकान फुटपाथ पर लग गई, जिनमें ग्राहक खरीददारी के लिए उमड़ रहे हैं। हालांकि विभिन्न सामाजिक संस्थाओं द्वारा घर-घर में निःशुल्क तिरंगा वितरण के बावजूद भी तिरंगे की मांग अत्याधिक दिखाई दे रही है। तीन रंग के बैलून की मांग भी अधिक बढ़ गई है। खरीददारी के मौसम को देखते हुए आजादी का 75वां अमृत महोत्सव काफी उल्लास वातावरण में मनाया जाएगा। इसके लिए विभिन्न संस्थाओं ने भी विभिन्न जगहों पर कार्यक्रम करने की तैयारियां शुरू कर दी है। कई संस्थाओं ने तो स्कूटर रैली, बाइक रैली, रिक्शा रैली निकालने की तैयारियां भी जोर-शोर से शुरू कर दी है। सुरक्षा के मद्देनजर पुलिस प्रशासन ने भी सुरक्षा के भी व्यापक प्रबंध किए हैं। जगह-जगह पर नाकेबंदी कर वाहनों की जांच भी की जा रही है।
फैंसीबाजार में दिख रही हर घर तिरंगा की लहर
