गुवाहाटी : श्री दिगम्बर जैन मंदिर से एक गणवेश मे सुसज्जित महिलाओं की घटयात्रा आर्यिका ससंघ सान्निध्य में निकाली गई जो बाजे गाजे के साथ श्री महावीर धर्मस्थल पहुंची। जिसमें बड़ी भारी संख्या में समाज के गणमान्य महिला पुरुष उपस्थित थे। ज्ञातव्य हो कि  गुवाहाटी स्थित भगवान महावीर धर्मस्थल में 20 से 29 जुलाई तक त्रिकाल चौबीसी के 72 समवशरण के साथ पूर्वांचल की धरा पर प्रथम बार आरंभ होने वाले दस दिवसीय कल्पतरु महामंडल विधान एवं विश्व शांति महायज्ञ के आज के कार्यक्रम भव्यता के साथ संपन्न हुए। इस विधान का शुभारंभ गणिनी आर्यिका शिरोमणि गुरुमां 105 विन्ध्यश्री माताजी ससंघ के पावन सानिध्य, भोपाल से पधारे विधानाचार्य पंडित कमल कुमार कमलांकुर, बनारस से आमंत्रित  कमलेश शास्त्री, स्लेहा से निमंत्रित विद्वान विकर्ष शास्त्री एवं स्थानीय पंडित संतोष कुमार शास्त्री के कुशल प्रतिष्ठाचार्यत्व तथा आर्यिका संघ व्यवस्था समिति के तत्वावधान में आयोजित हुआ। इससे पूर्व इस विधान का शुभारंभ  कुंदनमल प्रकाशचंद परिवार के द्वारा झंडारोहण के साथ किया गया। मंच उद्घाटन श्री दिगम्बर जैन महिला समिती की सदस्याओं द्वारा प्रतिष्ठाचार्य के मंत्रोच्चार के साथ संपन्न हुआ। कार्यक्रम के अंतर्गत सुशील कुमार संगीता देवी गंगवाल को चक्रवर्ती, महेंद्र कुमार ऊषा देवी पांड्या को सौधर्म इंद्र, सुधीर कुमार सिंपल सेठी को कुबेर इंद्र तथा नरेश कुमार मंजु देवी सेठी को महायज्ञ नायक बनने का सौभाग्य प्राप्त हुआ। भोजन के पुण्यार्जक मूलचंद पाटनी, दिसपुर थे। मंत्री बिरेंद्र कुमार सरावगी ने बताया कि कल से शुरु होनेवाले विधान प्रात: 5 बजे प्रतिष्ठाचार्य द्वारा किए जाएंगे।