हम अपनी डेली लाइफ में प्लास्टिक की बहुत सी चीजों का इस्तेमाल करते हैं लेकिन इससे हमारे पर्यावरण को काफी नुकसान पहुंचता है। इससे बहुत से जीवों और पशु पक्षियों की जान को भी हानि होती हैं। हालांकि पर्यावरण को बचाने के लिए बहुत से कदम उठाए जा रहे हैं लेकिन लोग फिर भी इसका इस्तेमाल करने से रूक नहीं रहे हैं। लेकिन वहीं हमारे आस पास कुछ ऐसे लोग भी हैं जिनके अंदर अपने पर्यावरण को बचाने की चाह अभी भी है। पर्यावरण के प्रति ऐसा ही प्यार देखने को मिला है भोपाल में। जहां चार महिलाओं ने मिलकर एक बर्तन बैंक बनाया जिसका मकसद प्लास्टिक से अपने पर्यावरण को बचाना है। भोपाल कशक्ति नगर निवासी 4 महिलाओं इला मिड्ढा, श्वेता शर्मा, स्मिता पटेल और डॉ. मधुलिका दीक्षित मिलकर यह काम कर रही हैं। दरअसल इन महिलाओं के मन में बर्तन बैंक बनाने का ख्याल तब आया जब उन्होंने हर एक समारोह में प्लास्टिक के बर्तनों का इस्तेमाल होता देखा। इसी से इन महिलाओं के मन में ख्याल आया कि क्यों न बर्तन बैंक बनाया जाए क्योंकि हम सब जानते हैं कि प्लास्टिक से इंसानों के साथ-साथ जानवरों को भी उतना ही नुकसान पहुंचता है। पर्यावरण से प्रेम करने वाली इन महिलाओं ने बदलाव की शुरूआत खुद से की। उन्होंने बाजार से प्लास्टिक पॉलीथिन लेने बंद कर दिए और वह जब भी कहीं बाजार जाती तो कपड़े का बैग लेकर ही जाती। फिर इसके बाद इन्होंने बर्तन बैंक बनाया। इनके बर्तन बैंक में तकरीबन 500 बर्तन हैं और वह लोगों को इससे मुफ्त बर्तन उपलब्ध करवा रही हैं। इन बर्तनों का सारा हिसाब रजिस्टर में मेंटेन हैं। जितने भी धार्मिक, सामाजिक और पारिवारिक आयोजन होते हैं उनमें यह महिलाएं मुफ्त में बर्तन उपलब्ध करवाती हैं।