मालीगांवः समग्र पू. सी. रेल में 21 जून, 2022 को अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस (आईडीवाई-2022) उत्साहपूर्वक मनाया गया है। योग के महत्व और मनुष्य के स्वास्थ्य पर इसके प्रभावों को जनता के बीच जागरूकता फैलाने के लिए मुख्यालय, सभी मंडलों और कार्यशालाओं में योगाभ्यास सत्र आयोजित किये गये थे। अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस- 2022 का प्रसंग मानवता के लिए योग था। अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस-22 के अवसर पर पू. सी. रेल का केंद्रीय कार्यक्रम विश्व प्रसिद्ध दार्जिलिंग हिमालयन रेलवे के बतासिया लूप में आयोजित किया गया था, जो यूनेस्को विश्व धरोहर स्थल है। इस अवसर पर माननीया केंद्रीय रेल एवं कपड़ा राज्य मंत्री श्रीमती दर्शना जरदोश बतौर मुख्य अतिथि उपस्थित थीं। इस अवसर पर पू. सी. रेल के महाप्रबंधक अंशुल गुप्ता सहित अन्य वरिष्ठ अधिकारी भी उपस्थित थे। यूनेस्को के इस प्रतिष्ठित विश्व धरोहर स्थल पर केंद्रीय मंत्री के साथ स्कूली बच्चों, सीआईएसएफ, सीआरपीएफ, एचएमआई, रेलवे अधिकारियों आदि सहित लगभग 200 लोगों ने योगाभ्यास में हिस्सा लिया। यह कार्यक्रम कंचनजंगा पर्वत की बर्फ से ढकी चोटियों की पृष्ठभूमि में मनाया गया था। अपने भाषण में माननीया मंत्री ने प्रत्येक के जीवन पर योगाभ्यास की आवश्यकता पर जोर दिया। इस कार्यक्रम की शुरुआत कर्नाटक के मैसूर में आयोजित आईडीवाई कार्यक्रम में  प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के भाषण को लाइव वीडियो लिंक के माध्यम से सुनकर हुई। पू. सी. रेल के मुख्यालय में, आईडीवाई कार्यक्रम रेलवे इंडोर स्टेडियम, मालीगांव में आयोजित किया गया था, जहां रेलवे अधिकारियों और कर्मचारियों ने अपने परिवार के साथ पूरे जी-जान से भाग लिया। मंडलों में, आईडीवाई -2022 सभी महत्वपूर्ण रेलवे स्टेशनों और कार्यालयों में मनाया गया। यह दिवस संपूर्ण पू. सी. रेल में हजारों रेल कर्मचारियों और उनके परिवार के सदस्यों की भागीदारी के साथ बड़े उत्साह के साथ मनाया गया। योग करने के लाभ के बारे में पू. सी. रेल ने आमलोगों के बीच व्यापक जागरूकता फैलाने के लिए पिछले दस दिनों से विभिन्न सोशल मीडिया प्लेटफार्मों का उपयोग किया। जैसा कि हर कोई जानता है, योग भारत का एक अमूल्य प्राचीन अभ्यास है, जिससे कई शारीरिक और मानसिक स्वास्थ्य लाभ हैं। यह वैश्विक स्तर पर आदर्श स्वास्थ्य और तनाव मुक्ति की भूमिका पर अपने सिद्ध सकारात्मक प्रभाव के लिए स्वीकार किया जाता है।