भारत में कई जगह आपने पर्यटन के लिहाज से सुनी होगी, हो सकता है इनमें कुछ जगहों पर आप घूमकर भी आए होंगे, लेकिन इसके बाद भी कई जगह ऐसी हैं जिनका एक्सप्लोर होना बाकी है। लेकिन क्या आप जानते हैं देश का एक पोस्ट ऑफिस पर्यटन के लिए काफी मशहूर है। सुनने पर यकीन नहीं होता है लेकिन ये हकीकत है। भारत में एक ऐसा डाक घर है जो ना सिर्फ देश बल्कि विदेशियों के लिए पर्यटन का मुख्य आकर्षण है। ताजमहल से लेकर कई यूनिक चीजों के कारण भारत दुनियाभर में मशहूर है, लेकिन इन सबके के साथ एक पोस्ट ऑफिस भी भारत का खास टूरिस्ट स्पॉट में से एक है। हिमाचल प्रदेश के स्पीति के हिक्किम में दुनिया की सबसे ऊंचाई पर एक डाकघर बना है। पहले यह डाकघर कच्ची मिट्टी के बने घर में चलता था लेकिन तब भी लोग दूर-दूर से इसे देखने आते थे। लेकिन जब इस डाक घर के प्रति लोगों का आकर्षण बढ़ा तो इसे रिनोवेट किया गया है। अब देश ही नहीं विदेशों से भी लोग दुनिया के सबसे ऊंचाई पर बने पोस्ट ऑफिस को ना सिर्फ देखने आते हैं, बल्कि यहां सेल्फी भी खींचते हैं।

लेटर बॉक्स जैसा दिया गया आकार : हिक्किम का यह डाकघर फिर से चर्चा में है। वजह है इसे रिनोवेट किया गया है और अब इसकी शक्ल लेटर बॉक्स जैसी कर दी गई है। हाल ही में इसका उद्घाटन भी किया गया है। इसके बाद इसकी तस्वीरें सोशल मीडिया पर भी जमकर वायरल हो रही है। रिनोवेट होने के बाद से यहां टूरिस्ट्स की संख्या में काफी बढ़ोतरी हो गई है। लोग सिर्फ सेल्फी लेने के लिए यहां दूर-दूर से आते हैं। लाल रंग की वजह से दूर से ही ये लोगों को दिखाई देने लगता है।

लोग भेजते हैं खत : इस डाकघर में हर वर्ष लाखों लोग आते हैं। यहां आने वाले अपनों को इस डाकघर से चिट्ठी भेजते हैं। खास बात यह है कि यहां से भेजे गए खतों पर लिखा होता है कि इसे दुनिया की सबसे ऊंचाई वाले डाकघर से भेजा गया है। यही नहीं इसके साथ ही ये टूरिस्ट्स अपने प्रियजनों को यहां के पोस्टकार्ड का स्टैम्प भी भेजते हैं। वहीं इस पोस्ट ऑफिस के रिनोवेशन किए जाने और इसे एक लैटर बॉक्स की शक्ल दिए जाने के बाद उम्मीद की जा रही है कि यहां पर्यटकों की संख्या में और इजाफा होगा।