रांची नगर निगम ने पर्यावरण को ध्यान में रखते हुए एक बेहद खास मुहीम शुरू की है। ये ‘जीरो वेस्ट’ थीम पर शादी की मुहिम है। इस कड़ी में शहर में पहली बार ऐसी शादी हुई, जिसमें प्लास्टिक-थर्मोकोल की किसी भी वस्तु का इस्तेमाल नहीं किया गया। शादी समारोह के मेहमानों के लिए बने भोजन का शत-प्रतिशत इस्तेमाल किया गया। शादी के बाद समारोह स्थल से कचरे को जैविक तरीके से खाद में बदल दिया गया। निगम ने तय किया है कि शहर के लोगों को इस थीम पर शादी समारोह के आयोजन के प्रति जागरूक किया जाएगा। बैंकर आशुतोष मिंज और दीपशिखा तिर्की की शादी के उपलक्ष्य में आयोजित शहर की यह पहली जीरो वेस्ट पार्टी सैटेलाइट चौक स्थित एक बैंक्वेट हॉल में संपन्न हुई। रांची नगर निगम के सिटी मैनेजर्स की टीम ने इसके लिए वर-वधू दोनों के परिजनों से संपर्क साधा और इस बात के लिए राजी कराया कि पार्टी का आयोजन इस तरह हो कि पर्यावरण को कोई नुकसान न पहुंचे। दोनों पक्षों की सहमति के अनुसार पार्टी में मिट्टी और कागज के बने प्लेट, कटोरी और ग्लास का उपयोग किया गया। पार्टी में आए मेहमानों से गुजारिश की गई कि वे प्लेट में उतना ही भोजन लें, जितना खा सकें। पार्टी में आए तमाम मेहमानों ने इस पहल की सराहना की। इसके बाद भी थोड़ा-बहुत भोजन बच गया तो उसे समारोह स्थल पर लगाई गई वेस्ट कंपोस्टर मशीन में डालकर खाद में तब्दील कर दिया गया।
प्रशासन ने उठाया कदम, शुरू की ‘जीरो वेस्ट’ मैरिज पार्टी की मुहिम