बरपेटारोडः  64वीं वाहिनी, सशस्त्र सीमा बल, बरमा (हावली) के प्रांगण में तथा सीमा पर तैनात वाहिनी की समस्त समवायों में विश्व पर्यावरण दिवस बड़े ही उत्साह के साथ मनाया गया। इस मौके पर नंद किशोर टम्टा, कमांडेंट, 64वीं वाहिनी ने अधिकारियों तथा कर्मचारियों के साथ मिलकर वाहिनी परिसर एवं कैंप के आस-पास क्षेत्र में पौधारोपण किया जिसमें 2000 पौधे रोपित किए गए। इस अवसर पर 64वीं वाहिनी की वाइव्स वेलफेयर एसोसिएशन ‘संदीक्षा’ की सदस्याओं ने भी पौधारोपण  किया तथा पर्यावरण को बचाने का संकल्प लिया। साथ ही पर्यावरण की रक्षा हेतु अधिक से अधिक पेड़ लगाने के लिए प्रेरित किया। नंद किशोर टम्टा, कमांडेंट ने बताया कि विश्व पर्यावरण दिवस पर्यावरण की सुरक्षा और संरक्षण हेतु पूरे विश्व में मनाया जाता है। इस दिवस को मनाने की घोषणा संयुक्त राष्ट्र ने पर्यावरण के प्रति वैश्विक स्तर पर राजनीतिक और सामाजिक जागृति लाने हेतु वर्ष 1972 में की गई थी । विश्व पर्यावरण दिवस संयुक्त राष्ट्र महासभा द्वारा आयोजित विश्व पर्यावरण सम्मेलन में चर्चा के बाद शुरू किया गया था तथा 5 जून 1974 को पहला विश्व पर्यावरण दिवस मनाया गया था। इस अवसर पर बी.एस.जायसवाल उपमहानिरीक्षक सीमांत मुख्यालय गुवाहाटी एवं सतीश चंद्र गंगवार उप कमांडेंट के साथ समवाय में उपस्थित समस्त कर्मचारी  बाहरी सीमा चौकी दरंगा में पौधारोपण किए।  नंद किशोर टम्टा, कमांडेंट, युमनम कुमार सिंह, सहायक कमांडेंट (सामान्य ), के साथ समवाय में उपस्थित समस्त कर्मचारी  बाहरी सीमा चौकी दारा में तथा वाहिनी मुख्यालय में  अशोक कुमार सहायक कमांडेंट (संचार) एवं बड़ी संख्या में  महिला बलकर्मी एवं जवानों ने भाग लिया।