म्यामां में पिछले महीने हुए सैन्य तख्तापलट के खिलाफ प्रदर्शनों में अब तक 300 से ज्यादा लोगों की मौत हो चुकी है। मौत और गिरफ्तारी की जानकारियों की पुष्टि करने वाले समूह ने शुक्रवार को यह घोषणा की। म्यामां के असिस्टेंस एसोसिएशन फॉर पॉलिटिकल प्रिजनर्स (राजनीतिक कैदियों के लिए सहायता संगठन) ने बताया कि उनके आंकड़ों में 320 लोगों की मौत का जिक्र है, जबकि वास्तव में हताहतों की संख्या ‘इससे कहीं ज्यादा होने की आशंका’ है। समूह ने बताया कि बृहस्पतिवार को 11 लोगों की मौत हुई। वहीं, यह समूह इससे पहले 23 और लोगों की मौत की पुष्टि भी कर पाया। समूह ने बताया कि आंग सान सू ची की निर्वाचित सरकार को सत्ता से बेदखल कर दिए जाने के बाद से बृहस्पतिवार तक 2,981 लोगों को गिरफ्तार किया जा चुका है, या उन पर आरोप लगाए गए हैं या फिर उन्हें सजा दी गई।  म्यामां में सैन्य शासन के खिलाफ अमरीका और ब्रिटेन ने कड़े कदम उठाते हुए बृहस्पतिवार को कई क्षेत्रों में बड़ी हिस्सेदारी वाले दो सैन्य स्वामित्व वाले समूहों के खिलाफ प्रतिबंधों की घोषणा की। अमरीका के वित्त विभाग ने कहा कि म्यामां इकनॉमिक होल्डिंग्स पब्लिक कंपनी लिमिटेड और म्यांमा इकनॉमिक कॉर्पोरेशन लिमिटेड के खिलाफ उठाए गए कदम के जरिए देश की अर्थव्यवस्था के बड़े हिस्से पर सेना के नियंत्रण को निशाना बनाया गया है।