सड़क पर बैरियर या अवरोधक का जिक्र होते ही ख्याल आता है उन स्पीड ब्रेकर्स का जो रफ़्तार कम करते हैं या फिर नाकाबंदी के चलते रास्ता रोकने के लिए वो पहिए वाली लोहे की टेम्परेरी दीवारें जिनके पीछे पुलिस वाले खड़े रहते हैं। लेकिन आज आपको बताएंगे सड़क पर लगे एक नए बैरियर की। ये बैरियर रोकता तो है, लेकिन आपको नहीं, वायु प्रदूषण को। जी हां, मॉडर्न ज़माने की समस्याओं के लिए मॉडर्न सोल्यूशन चाहिए। पृथ्वी पर एयर पोल्यूशन एक मॉडर्न समस्या है। और 21वीं सदी की इस मॉडर्न समस्या से निजात दिलाने के लिए वैज्ञानिक लगातार कुछ न कुछ कर रहे हैं। और इसी क्रम में, लंदन के इम्पीरियल कॉलेज के वैज्ञानिकों ने एक ऐसा बैरियर तैयार किया है जो सड़क पर चलने वालों को वायु प्रदूषण के बुरे असर से बचा सकता है। इस घुमावदार अवरोधक को बनाने से पहले इन शोधकर्ताओं ने सड़क के किनारे लगी संरचनाओं का वायु प्रदूषण पर होने वाले प्रभावों का अध्ययन किया। वैज्ञानिकों को जब इस बात के संकेत मिले की अगर कोई संरचना सही से बने तो पैदल चलने वालों को वायु प्रदूषण के खतरनाक कणों से निजात मिल सकती है, तो उन्होंने दिमाग के घोड़े दौड़ाते हुए, तमाम सोच विचार के बाद ये बैरियर बनाया। इन वैज्ञानिकों ने दरअसल इसे बनाने के लिए एयरफ्लो मॉडलिंग तकनीकों का उपयोग किया है। मतलब हवा के बहने की दशा और दिशा पर ध्यान लगाया गया। इसमें कोई दो राय नहीं कि ख़राब एयर क्वालिटी गंभीर स्वास्थ्य समस्याओं के लिए जिम्मेदार है और इससे सबसे ज़्यादा परेशानी उठानी पड़ती है गरीब तबके को। ऐसा इसलिए क्योंकि ये जनता सड़क किनारे, धुंए के बेहद करीब रहती है। इन सबके बीमार पड़ने की संभावना भी इसी वजह से ज़्यादा है। और जब समुदाय ऐसे रहेंगे तो उस समाज के बच्चे भी इन प्रदूषकों को अपनी सांस में खींचने पर मजबूर होंगे। इस बात पर इंपीरियल सेंटर फ़ॉर एनवायर्नमेंटल पॉलिसी की शोधकर्ता डॉ.टिली कोलिन्स, जिन्होंने इस शोध में मुख्य भूमिका निभाई है, अपनी प्रतिक्रिया देते हुए कहती हैं जब उन्होंने ऐसा कुछ पहली बार देखा और प्रदूषण के उस समुदाय के स्वास्थ्य पर पड़ रहे असर के बारे में सोचा तब उन्होंने मन ही मन सोचा, कि इससे निपटने के लिए क्या किया जा सकता है। वो आगे बताती हैं कि उसके बाद उन्होंने सड़कों के साथ लगी दीवारों का प्रदूषण पर प्रभाव पर शोध करना शुरू किया। उन्होंने पहले तो सेंटर फॉर एनवायर्नमेंटल पालिसी के अपने साथी डॉ. हुव वुडवर्ड और एनर्जी गार्डन के अगमेम्नोन ओटेरियो के साथ एक बड़ा सरल सा मॉडल बनाया जिसमें उन्होंने शहरी डिज़ाइन के ऐसे विचारों की खोज की जो इन हवा के भंवर होने वाले प्रभावों को कम करेगा और पैदल यात्रियों, विशेष रूप से बच्चों, के लिए वायु की गुणवत्ता में सुधार करेगा।