स्विट्जरलैंड में पढऩे वाले एक छात्र ने बताया कि स्विट्जरलैंड में पढ़ाई के दौरान मैंने स्कूल के पास एक घर किराए पर लिया था। मकान मालकिन क्रिस्टीना एक 67 वर्षीय अविवाहित महिला थीं, जिन्होंने सेवानिवृत्त होने से पहले एक माध्यमिक विद्यालय में शिक्षक के रूप में काम किया था। स्विट्जऱलैंड की पेंशन बहुत अच्छी है, जो उसके बाद के वर्षों में भोजन और आश्रय की चिंता न करने के लिए पर्याप्त होती है। अवकाश के बाद उन्हें सहसा एक काम मिला - एक 87 वर्षीय अकेले बूढ़े व्यक्ति की देखभाल करने का। मैंने पूछा कि क्या वह पैसे के लिए यह काम कर रही थी। उसके जवाब ने मुझे चौंका दिया। ‘मैं पैसे के लिए काम नहीं कर रही, लेकिन मैं अपना समय ‘टाइम बैंक’ में जमा कर रही हूं, और जब मैं अपने बुढ़ापे में नहीं चल सकूंगी, तो मैं इस जमा समय को वापस ले सकता हूं।’ पहली बार जब मैंने ‘टाइम बैंक’ की इस अवधारणा के बारे में सुना, तो मैं बहुत उत्सुक हो उठा। मैंने और अधिक जानने की उत्सुकता में मकान मालकिन से पूछा। उसके अनुसार मूलत: ‘टाइम बैंक’ स्विस फेडरल मिनिस्ट्री ऑफ सोशल सिक्योरिटी द्वारा विकसित एक वृद्धावस्था पेंशन कार्यक्रम था। इसके अंतर्गत वहां के नागरिक युवावस्था में बुजुर्गों की देखभाल में अपना जो समय देते हैं, वो उनके ‘टाइम बैंक’ में जमा होता जाता है, और जब वे बूढ़े हो जाते हैं, या बीमार हो जाते हैं या देखभाल की आवश्यकता होती है तो वे इस समय को बैंक से वापस ले सकते हैं। जो युवा समय देने के इच्छुक हों वे आवेदन कर सकते हैं। लेकिन सरकार की शर्त होती है कि आवेदक स्वस्थ हों, बातचीत- व्यवहार में स्नेहिल हों। उन्हें प्रतिदिन उन बुजुर्गों की देखभाल करनी पड़ती है जिन्हें सहायता की आवश्यकता होती है। उनकी सेवा के घंटे सामाजिक सुरक्षा प्रणाली के अंतर्गत उनके व्यक्तिगत ‘समय’ खातों में जमा होते जाते हैं। वह सप्ताह में दो बार काम पर जाती थी, हर बार दो घंटे बुजुर्गों की मदद करती थी, खरीदारी करती थी, उनके कमरे साफ करती थी, उन्हें धूप सेंकने के लिए बाहर ले जाती थी, उनके साथ बातें करती थी। समझौते के अनुसार, उसकी सेवा के एक वर्ष के बाद,‘टाइम बैंक’ उसके द्वारा काम की गई कुल अवधि की गणना करेगा और उसे ‘टाइम बैंक कार्ड’ जारी करेगा। और, जब उसे अपनी देखभाल के लिए किसी की आवश्यकता होती है, तो वह ‘समय और समय का ब्याज’ निकालने के लिए अपने ‘टाइम बैंक कार्ड’का उपयोग कर सकती है। उचित सत्यापन के बाद ‘टाइम बैंक’ अस्पताल या उसके घर पर उसकी देखभाल के लिए अन्य स्वयंसेवकों को नियुक्त करेगा। एक दिन, मैं स्कूल में था और मकान मालकिन ने फोन किया और बताया कि जब वह खिडक़ी पोंछ रही थी तो वह टेबल से गिर गई। मैंने फौरन छुट्टी ली और उसे इलाज के लिए अस्पताल भेज दिया। मकान मालकिन के टखने में फ्रैक्चर था और उसे कुछ दिनों तक बिस्तर पर रहने की जरूरत थी। जब मैं उसकी देखभाल के लिए आवेदन करने की तैयारी कर रहा था, मकान मालकिन ने मुझसे कहा कि मुझे उसकी चिंता करने की ज़रूरत नहीं है। उसने पहले ही ‘टाइम बैंक’ को निकासी का अनुरोध जमा कर दिया था। दो घंटे से भी कम समय में ‘टाइम बैंक’ ने एक नर्सिंग कर्मचारी को मकान मालकिन की देखभाल करने के लिए भेज दिया। नर्सिंग कर्मी प्रतिदिन मकान मालकिन की देखभाल करती थी, उससे बातें करती थी और उसके लिए स्वादिष्ट भोजन बनाती थी। नर्सिंग कर्मचारी की सावधानीपूर्वक देखभाल के चलते मकान मालकिन ने जल्द ही अपना स्वास्थ्य-लाभ कर लिया। ठीक होने के बाद, मकान मालकिन ‘काम’ पर वापस चली गई। उसने कहा कि वह अभी ‘टाइम बैंक’ में अधिक समय बचाने का इरादा रखती है, जब तक वह स्वस्थ है। आज स्विट्जऱलैंड में वृद्धावस्था को सहारा देने के लिए ‘टाइम बैंक’ का उपयोग एक आम बात हो गई है। स्विस सरकार ने ‘टाइम बैंक’ योजना का समर्थन करने के लिए कानून भी पारित किया। सच में-क्या सुंदर अवधारणा है!
टाइम बैंक : एक अकल्पनीय अवधारणा