मालीगांव: अनाधिकृत यात्रा पर अंकुश लगाने के लिए, पूर्वोत्तर सीमा रेल (पूसी रेल) नियमित रूप से टिकट जांच अभियान चला रही है। इन सघन टिकट जांच अभियानों के साथ, इस रेल ने अप्रैल 2021 से मार्च 2022 तक की अवधि के दौरान बिना टिकट / अनियमित टिकट और बिना बुक किए गए सामान के यात्रियों के 448392 मामले का अनुसंधान किया। दोषियों से किराए और जुर्माने के रूप में 23.36 करोड़ रुपए की राशि वसूली गई। पिछले वर्ष की इसी अवधि की तुलना में यह दंडात्मक मामलों की संख्या में लगभग 840.83 प्रति. और आय में 1028.50 प्रति. की वृद्धि है। इसके अलावा, विभिन्न स्टेशनों और ट्रेनों की जांच के दौरान, पूसी रेल के रेलवे सुरक्षा बल ने अप्रैल 2021 से मार्च 2022 तक यथोचित टिकटों के बिना यात्रा करने वाले 50701 व्यक्तियों को हिरासत में लिया। इन मामलों में 25 व्यक्तियों पर रेल अधिनियम की विभिन्न धाराओं के तहत मुकदमा चलाकर जुर्माना लगाया गया और दोषियों के खिलाफ 16 मामले दर्ज किए गए। पूसी रेल नियमित रूप से बेटिकट यात्रियों के खिलाफ अभियान चलाती है। अपने वास्तविक रेल उपयोगकर्ता को बेहतर सेवाएं प्रदान करने और बेटिकट यात्रा को रोकने के अपने प्रयास में, पूसी रेल नियमित रूप से आवश्यक कदम उठा रही है। पूसी रेल सभी रेल उपयोगकर्ताओं से यथोचित रेलवे टिकट खरीदने और सम्मान के साथ यात्रा करने का आग्रह करता है। भारतीय रेल अधिनियम, 1989 की धारा 137 के अनुसार, बेटिकट, अनुचित टिकट या बिना बुक किए गए सामान के साथ यात्रा करना एक अपराध है, जो कारावास या जुर्माना या दोनों से दंडनीय है।