मालीगांव: रेलवे ट्रैक की संरक्षा बढ़ाने और रेल यात्रियों को सुरक्षित यात्रा प्रदान करने के लिए, पूसी रेल ने वित्तीय वर्ष 2021-22 के दौरान रेल और स्लीपर नवीकरण में रिकॉर्ड प्रगति दर दर्ज की। पू. सी. रेल ने 2020-21 के दौरान 200.29 किमी की तुलना में 2021-22 में 327.65 किमी रेल नवीकरण कार्यों की उल्लेखनीय प्रगति हासिल की है। यह 63.59 प्रतिशत की वृद्धि है। 2021-22 में 112.98 किमी संपूर्ण स्लीपर नवीकरण कार्य किए गए हैं, जो पिछले वर्ष के 58.8 किमी के प्रदर्शन की तुलना में पूसी रेल द्वारा हासिल की गई अब तक की सबसे अधिक वृद्धि भी है। इसके अलावा, पूसी रेल ने वर्ष 2021-22 के दौरान ट्रेन परिचालन में संरक्षा और गति बढ़ाने के लिए कई और ट्रैक मेंटेनेंस कार्य किए हैं। जबकि पिछले साल के 111 समकक्ष सेटों के प्रदर्शन की तुलना के मुकाबले 2021-22 में 145.75 समकक्ष टर्नआउट सेटों का नवीकरण किया गया है। वर्ष 2021-22 में 3585 टर्नआउट्स की टैंपिंग की गई, जबकि 2635.54 किमी का ट्रैक स्टेबलाइजेशन किया गया। इसके अलावा, ट्रेनों के सुचारू रूप से परिचालन के लिए, 2021-22 में 273.44 किमी समतल पटरियों की डीप स्क्रीनिंग की गई है, जबकि पिछले साल का प्रदर्शन 177.68 किमी था। 6108.40 किमी के लक्ष्य की तुलना में 2021-22 में 6842.98 किमी की समतल ट्रैक टैम्पिंग पूरी की गयी। पिछले साल 2.96 लाख घन मी. की तुलना में 2021-22 में कुल 5.03 लाख घन मी. बलास्ट की आपूर्ति की गयी। इसके अलावा, पिछले साल यूएसएफडी (अल्ट्रा सोनिक फ्लो डिटेक्शन) मशीन द्वारा 16105.79 किमी की तुलना में 2021-22 में 18690.62 किमी ट्रैक का परीक्षण किया गया है। यूएसएफडी तकनीक का उपयोग दरारों और संरक्षा के लिए दोषपूर्ण रेलों को समय पर हटाने जैसी खामियों का पता लगाने के लिए किया जाता है। ट्रेनों की परिचालन गति बढ़ाने के लिए 2021-22 में 16 स्थायी गति प्रतिबंधों को भी हटा दिया गया है। पूसी रेल ट्रेन सेवाओं के सुरक्षित परिचालन के लिए ट्रैक नवीकरण के आधुनिकीकरण पर जोर दिया जा रहा है। रेल पटरियों को ट्रैक नवीकरण कार्यों के माध्यम से प्रतिस्थापित किया जाता है, जो एक सतत प्रक्रिया है। जब कभी भी निर्धारित मानदंडों के आधार पर रेलपथ का एक खंड नवीकरण के लिए देय हो जाता है, तब ट्रैक नवीकरण कार्य किए जाते हैं। ट्रैक मशीनों की मदद से ट्रैक नवीकरण की प्रक्रिया समय बचाती है और ट्रेनों की सामान्य आवाजाही के न्यूनतम प्रभाव के साथ अच्छी गुणवत्ता का काम हासिल किया जा सकता है।