नई दिल्ली: भारतीय जनता पार्टी ने वर्ष 2024 में होने वाले आम चुनाव के लिए तैयारी करनी शुरू कर दी है। इसके तहत पार्टी ने एक कमेटी का गठन किया है जो आने वाले आम चुनाव में पार्टी को मजबूती देने के विकल्पों की जानकारी देंगे। इसकी जानकारी देते हुए पार्टी के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष दिलीप घोष ने एएनआई को बताया कि भाजपा ने पार्टी को मजबूती देने के लिए वीक बूथ कमेटी टीम का गठन किया है। इसकी हर कमेटी में चार सदस्य होंगे। इस तरह की कमेटियां देश भर में गठित की जाएंगी। इसका मकसद न सिर्फ पार्टी को मजबूती प्रदान करना होगा बल्कि पार्टी की  मौजूदगी का दायरा भी बढ़ाना होगा। इस कमेटी के तहत उन जगहों पर या बूथों पर अधिक जोर दिया जाएगा जहां पर पार्टी का जनाधार कम है। दिलीप घोष ने एएनआई से हुई बातचीत के दौरान उम्मीद जताई कि पार्टी की इस रणनीति से उन्हें वर्ष 2024 के आम चुनाव में जबरदस्त सफलता मिलेगी। उन्होंने कहा कि इससे पार्टी के अनुरूप परिणाम सामने आने की पूरी उम्मीद उन्हें है। आज इस बारे में हुई बैठक की अध्यक्षता भाजपा के उपाध्यक्ष बेज्यंत जय पांडे ने की थी। इस बैठक में दिलीप घोष ने भी हिस्सा लिया था। उनके अलावा सीटी रवि और दूसरे सदस्य में भी इस बैठक में शामिल हुए थे।  2024 के आम चुनाव पर बात करते हुए घोष ने बताया कि 2024 आने ही वाला है। इन आम चुनाव के बाद देश में एक बार फिर से नरेंद्र मोदी की सरकार बनेगी। इस राह में आने वाली हर दिक्कत को दूर किया जाएगा। उन्होंने ये भी कहा कि पार्टी ने इस दिशा में काम करना शुरू कर दिया है। घोष ने इस बैठक से पहले बताया था कि अपने लक्ष्य को पाने के लिए पार्टी ने दूसरी कमेटियां भी गठित करेगी, जो अलग-अलग काम के लिए बनाई जाएंगी।  इसमें पार्टी के हर कार्यकर्ता को अलग जिम्मेदारी दी जाएगी। उनके मुताबिक आज जो बैठक हुई उसमें पार्टी कार्यकर्ताओं से इस बारे में बातचीत की गई। इस बारे में उनसे राय ली गई और उनसे इसमें बेहतरी के सुझाव भी मांगे गए। गौरतलब है कि हाल ही में हुए विधानसभा चुनाव में भाजपा ने पंजाब छोडक़र सभी में अपनी सरकार बनाई है। यूपी में भाजपा ने दूसरी बार लगातार सरकार बनाने में सफलता हासिल की है। इसके अलावा मिजोरम, उत्तराखंड और गोवा में भी पार्टी ने सरकार बनाई है।