गुवाहाटी: भारतीय जनता पार्टी (भाजपा)गठबंधन ने रविवार को घोषित गुवाहाटी नगर निगम (जीएमसी) के चुनाव परिणाम में प्रचंड जीत हासिल की जबकि विपक्षी दल कांग्रेस का खाता भी नहीं खुल सका।  इस तरह कह सकते हैं गुवाहाटी कांग्रेस मुक्त हो गया है तो दूसरी ओर गुवाहाटी नगर निगम (जीएमसी) पूरी तरह भगवामय हो गया है, वहीं पहली बार आम आदमी पार्टी (आप) और असम जातीय परिषद (एजेपी)ने  एक-एक सीट पर जीत हासिल कर जीएमसी चुनाव में खाता खोला। असम राज्य निर्वाचन आयोग के अनुसार  भाजपा -अगप गठबंधन ने 60 में से 58 सीट पर जीत दर्ज की। अन्य दो सीट में एक सीट आम आदमी पार्टी (आप) और एक सीट असम जातीय परिषद (एजेपी) के हिस्से में आई। भाजपा के तीन उम्मीदवार पहले ही निर्विरोध निर्वाचित  हो गए थे।भाजर्पा को कुल 52 सीटें मिली हैं। उल्लेखनीय है कि 42 वार्ड में भाजपा की उम्मीदवार रूमी कलिता की हार हुई है, जबकि अगप को सात सीटों में से छह सीट मिली हैं। जीएमसी चुनाव में पहली बार ईवीएम का उपयोग किया गया और पंजीकृत मतदाताओं में से 52.80 फीसदी ने अपने मताधिकार का इस्तेमाल किया था। 60 सीट पर 197 उम्मीदवार चुनाव मैदान में थे।  मालूम हो कि  जीएमसी चुनाव में सानदार जीत के लिए पूर्व मुख्यमंत्री सर्वानंद सोनोवाल ने भी भाजपा और अगप कार्यकर्ताओं को बधाई दी। उल्लेखनीय है कि इस चुनाव आम आदमी पार्टी 38 सीटों पर अपने उम्मीदवार  के साथ मजबूती से चुनाव लड़ी थी। हालांकि वे पहली बार इस चुनाव में अपना खाता खोलने में सफल हुई है। 42 वार्ड में आप की उम्मीदवार मासूमा बेगम की जीत पर आप के राष्ट्रीय संयोजक तथा दिल्ली के मुख्यमंत्री अरङ्क्षवद केजरीवाल ने बधाई दी है। उन्होंने कहा कि यह धर्मनिपेक्षता की जीत है। हम गुवाहाटी के 42 नंबर वार्ड के मतदाताओं का आभार प्रकट करते हैं। मालूम हो कि भाजपा गठबंधन की बड़ी जीत पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, मुख्यमंत्री डॉ. हिमंत विश्वशर्मा और पार्टी के अन्य वरिष्ठ नेताओं ने गुवाहाटीवासियों को आभार व्यक्त किया तो दूसरी ओर पार्टीजनों को इस जीत के लिए बधाई दी। मालूम हो कि इस चुनाव में पहली बार चुनाव में भाग लेने वाली आम आदमी पार्टी (आप) का प्रदर्शन काफी बेहतर रहा। पार्टी ने एक सीट पर जीत हासिल की और 24 सीटों पर दूसरे नंबर पर रही, उसे कुल मतों के15 प्रतिशत वोट हासिल हुए। दूसरी ओर उल्लेखनीय है कि भाजपा ने इस बार वार्ड 15,16 और 31 नंबर से हिंदीभाषी उम्मीदवारों को टिकट दिया था और तीनों सीटों पर क्रमश: सौरभ झुनझुनवाला, प्रमोद स्वामी और रत्ना सिंह चुनाव जीतने में कामयाब हो गए हैं।