दुनिया के कई इलाकों में इस समय प्रचंड गर्मी पड़ रही है। भारत की बात करें, तो यहां राजस्थान का श्रीगंगानगर सबसे ज्यादा गर्म रहता है, लेकिन इस साल उत्तर प्रदेश के शहर वाराणसी ने रिकॉर्ड तोड़ दिया। यह हैरान करने वाला है। आइए जानते हैं दुनिया की उन जगहों के बारे में जो सबसे अधिक गर्म रहती हैं। ए जगहें इतनी गर्म होती हैं कि यहां पर 10 मिनट में इंसान बीमार पड़ सकता है या कुछ घंटे में ही उसकी मौत हो सकती है।
डेथ वैली, कैलिफोर्निया : धरती पर दुनिया की सबसे ज्यादा गर्म जगहों में कैलिफोर्निया की डेथ वैली शामिल है। यहां पर तापमान बहुत अधिक रहता है। 10 जुलाई 1913 में यहां का अधिकतम तापमान का रिकॉर्ड बना था। उस समय डेथ वैली के फरनेस क्रीक नाम के स्थान पर अधिकतम तापमान 56.7 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया था। फिलहाल यहां पर 37 से 40 डिग्री के बीच तापमान दर्ज किया जा रहा है। यहां पर गर्मी की कई वजहें हैं जिनमें सूरज की गर्मी, घाटी में गर्म हवाओं का फंस जाना शामिल है। इसके अलावा आसपास रेगिस्तान मौजूद हैं जहां से गर्म हवाएं आती हैं।
फ्लेमिंग माउंटेन, चीन : चीन का फ्लेमिंग माउंटेन टकलामाकेन रेगिस्तान के उत्तरी इलाके में है। शिनजियांग प्रांत के तियान शान में लाल सैंडस्टोन्स की पहाडिय़ां स्थित हैं जिन्हें फ्लेमिंग माउंटेंस या हुओयान माउंटेंस भी कहा जाता है। इस पहाड़ की लंबाई 100 किलोमीटर और चौड़ाई 5 से 10 किलोमीटर है। इस इलाके में गर्मी के दिनों में तापमान 50 डिग्री सेल्सियस तक चला जाता है। बताया जाता है कि साल 2008 में इस इलाके में 66.8 डिग्री सेल्सियस तापमान रिकॉर्ड किया गया था। लेकिन इसकी पुष्टि नहीं की गई है।
लुट रेगिस्तान, ईरान : यूनेस्को वल्र्ड हेरिटेज साइट में शामिल दश्त-ए-लुट नाम से प्रसिद्ध यह जगह दुनिया का 34वां सबसे बड़ा रेगिस्तान है। इस रेगिस्तान की लंबाई 480 किमी और चौड़ाई 320 किमी है। इसमें न कोई पौधे हैं और न ही जीव जंतु। नासा ने एक्वा सैटेलाइट से इस रेगिस्तान की सतह का तापमान साल 2003 से 2010 तक मापा था। इस दौरान यहां का तापमान 70.7 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया था।
सहारा रेगिस्तान, अफ्रीका : दुनिया के सबसे गर्म स्थानों में अफ्रीका का यह रेगिस्तान शामिल है। सहारा रेगिस्तान में अधिकतम तापमान 58 डिग्री सेल्सियस तक रिकॉर्ड किया गया जबकि सतह का तापमान 76 डिग्री सेल्यिस दर्ज किया गया। यह दुनिया का सबसे बड़ा गर्म रेगिस्तान है।