मालीगांव : यात्रियों की अतिरिक्त भीड़ को नियंत्रित करने के लिए, पूर्वोत्तर सीमा रेल ने 03 मई, 2022 से 03 जून, 2022 तक अगरतला-बेंगलुरू छावनी-अगरतला साप्ताहिक सुपरफास्ट विशेष ट्रेन की सेवा जारी रखने का निर्णय लिया है। मौजूदा समय-सारणी, ठहराव और संयोजन के साथ ट्रेन अपनी सेवा बरकरार रखेगी। यह सेवा लंबी दूरी के यात्रियों की मांग को पूरा करने में भी मदद करेगी। ट्रेन संख्या 02984 अगरतला-बेंगलुरू छावनी स्पेशल की सेवाओं का विस्तार 03 मई से 31 मई, 2022 तक करते हुए सभी मंगलवार को चलेगी। वापसी दिशा में, ट्रेन नंबर 02983 बेंगलुरू छावनी-अगरतला स्पेशल की सेवाओं का विस्तार 06 मई से 03 जून, 2022 करते हुए सभी शुक्रवार को चलेगी। विशेष ट्रेन प्रत्येक दिशा से 05 फेरों के लिए अपनी सेवाओं का विस्तार करेगी। अगरतला - बेंगलुरू छावनी-अगरतला सुपरफास्ट विशेष ट्रेन के 20 कोचों में एक एसी 3-टीयर कोच, 17 शय्या कोच और दो ब्रेक लगेज सह जनरेटर कार शामिल हैं। इस ट्रेन का ठहराव और समय का विवरण आईआरसीटीसी की वेबसाइट और एनटीईएस पर उपलब्ध है। यात्रियों से अनुरोध है कि वे अपनी यात्रा शुरू करने से पहले विवरण को देख लें। उक्त जानकारी पूसी रेल के मुख्य जनसंपर्क अधिकारी सब्यसाची डे की ओर से यहां जारी एक प्रेस विज्ञप्ति के जरिए दी गई है।
पूसी रेल अगरतला और बेंगलुरू छावनी के बीच ट्रेन सेवा का करेगी विस्तार