मालीगांव : पूसी रेल के रेलवे सुरक्षा बल (रेसुब) ने 12 से 18 अप्रैल, 2022 के दौरान 26.52 लाख रुपए (लगभग) के मादक पदार्थ और तस्करी/ प्रतिबंधित सामान बरामद किया। पूसी रेल के रेलवे सुरक्षा बल ने इस अवधि के दौरान लगभग 14.96 लाख रुपए की हेरोइन और ब्राउन शुगर और लगभग 11.56 लाख रुपए का गांजा बरामद किया। रेलवे सुरक्षा बल ने इस अवधि के दौरान प्रतिबंधित वस्तुओं के परिवहन में लिप्त एक व्यक्ति को भी पकड़ा। पूसी रेल में ट्रेनों और स्टेशनों पर नियमित जांच के दौरान तस्करी/प्रतिबंधित वस्तुओं को बरामद किया गया था। 13 अप्रैल, 2022 को एक घटना में डिब्रूगढ़ रेलवे स्टेशन पर रेलवे सुरक्षा बल और राजकीय रेल पुलिस (जीआरपी) की टीम ने डिब्रूगढ़ रेलवे स्टेशन पर ट्रेन संख्या 15669 अप (नागालैंड इंटरसिटी एक्सप्रेस) में जाँच की और एक संदिग्ध व्यक्ति को बैकपैक के साथ पकड़ा। उसके बैग की जांच करने पर, लगभग 4.96 लाख रुपए मूल्य के 78.34 ग्राम ब्राउन शुगर भरे छह सोप केस पाए गए। ब्राउन शुगर को जब्त कर लिया गया और व्यक्ति को हिरासत में लिया गया। इस संबंध में ओसी/जीआरपी/तिनसुकिया द्वारा एक मामला दर्ज किया गया। 17 अप्रैल, 2022 को एक अन्य घटना में, ट्रेन संख्या 15604 डाउन (लीडो- गुवाहाटी इंटरसिटी एक्सप्रेस) में एस्कॉर्ट करते समय रेसुब की एस्कॉर्टिंग पार्टी ने एक लावारिस बैकपैक का पता लगाया। बैग की जांच करने पर, पॉलीथिन से पैक किए गए कुछ भूरे रंग के पाउडर वाले पदार्थ से भरे 5 प्लास्टिक सोप केस पाए गए। जांच करने पर, पाउडर पदार्थ को हेरोइन के रूप में पाया गया, जिसका वजन लगभग 62.19 ग्राम एवं मूल्य लगभग 10 लाख रुपए है। बाद में, जब्त हेरोइन को आगे की आवश्यक कार्रवाई के लिए ओसी/जीआरपी/गुवाहाटी को सौंप दिया गया। हाल की एक घटना में 18 अप्रैल, 2022 को, रेसुब/ तिनसुकिया के सीआईबी ने मरियानी से न्यू तिनसुकिया स्टेशन तक ट्रेन संख्या 15934 अप में जांच करते समय 1.77 लाख रुपए (लगभग) के 17.7 किलोग्राम लावारिस गांजा बरामद किया। इसके अलावा, 12 से 18 अप्रैल, 2022 के दौरान पूसी रेल के रेलवे सुरक्षा बल ने विभिन्न स्टेशनों और विभिन्न ट्रेनों में ड्यूटी करते समय लगभग 9.79 लाख रुपए मूल्य का लगभग 100 किलोग्राम गांजा बरामद किया। रेलवे के माध्यम से प्रतिबंधित वस्तुओं की तस्करी और परिवहन में शामिल अपराधियों के लिए एक निवारक निस्पंदन बल साबित करते हुए पूसी रेल के रेलवे सुरक्षा बल ने अप्रैल, 2021 से मार्च, 2022 के दौरान 15.63 करोड़ रुपए से अधिक मूल्य के मादक पदार्थ, तस्करी और प्रतिबंधित माल के 488 मामलों का पता लगाया और इसमें शामिल 124 व्यक्तियों के हिरासत में लिया।