गुवाहाटी : चाय पर्यटन को बढ़ावा देने के लिए असम सरकार ने वित्तीय वर्ष 2022-23 के लिए 50 करोड़ रुपये निर्धारित किए हैं। वित्त मंत्री अजंता नेइग ने 16 मार्च को अपने बजटीय भाषण में कहा कि 50 चयनित चाय बागानों को प्रत्येक को दो-दो करोड़ रुपए तक दिए जाएंगे। नेउग ने कहा कि असम के कुछ चाय बागान सुरम्य परिवेश में स्थित हैं जहां महान पर्यटन स्थल बनने की संभावना है। हालांकि, चाय बागानों के आसपास पहुंच और ठहरने की सुविधाओं की कमी आड़े आती है और सामान्य पर्यटक इन चाय बागानों के आसपास की प्रकृति का भरपूर आनंद नहीं उठा पाते हैं। यह राशि चाय बागानों के अंदर गेस्ट हाउस और  पर्यटक सुविधाओं के निर्माण के लिए पूंजीगत बुनियादी ढांचे के समर्थन के रूप में प्रदान की जाएगी। चाय बागानों को गैर-चाय की खेती की गतिविधियों जैसे कृषि वानिकी, सौर ऊर्जा परियोजनाओं आदि को करने की भी अनुमति दी जाएगी, जिससे उनकी आय में भी वृद्धि होगी। इसके अतिरिक्त मानस और काजीरंगा राष्ट्रीय उद्यानों को कवर करते हुए, ब्रह्मपुत्र के साथ एक नदी पर्यटन सर्किट विकसित किया जाएगा। इस मार्ग पर लग्जरी सहित रिवर क्रूज चलेंगे।