आज के समय में गूगल मैप ने लोगों की जिंदगी को बेहद आसान बना दिया है। आप दुनिया की किसी भी जगह के बारे में बड़ी आसानी से गूगल मैप की मदद से पता लगा सकते हैं। दरअसल, गूगल मैप एक वेब मैपिंग सर्विस टूल है। दुनिया में आजकल ज्यादातर लोग जगहों का पता लगाने के लिए गूगल मैप का ही प्रयोग करते हैं। अगर हमें किसी जगह के बारे में नहीं पता है तो बस गूगल मैप पर उस जगह का नाम डालिए और गूगल मैप आपको वहां बड़ी आसानी से पहुंचा देगा। आपको जानकर हैरानी होगी कि अब गूगल मैप सही जगह का पता बताने के सिवा लोगों की जान भी बचा रहा है। दरअसल, रूस और यूक्रेन के बीच छिड़े इस युद्ध में गूगल मैप यूक्रेनी नागरिकों के लिए संकटमोचन का काम कर रहा है। गूगल मैप ने इस युद्ध में अपनी एक सेवा को ही बंद कर दिया है। आइए जानते हैं इस बंद हुई सेवा के बारे में...

रूस और यूक्रेन युद्ध में जहां यूक्रेनी नागरिकों ने देश की सुरक्षा के लिए हथियार उठा लिए हैं। वहीं गूगल मैप ने भी उनकी मदद करनी शुरू कर दी है। गूगल मैप ने यूक्रेनी नागरिकों को रूसी सेना से बचाने के लिए ट्रैफिक अपडेट को लेकर एक महत्वपूर्ण कदम उठाया है। गूगल ने यूक्रेन को तबाही से बचाने के लिए अपनी मैपिंग सेवा को ही डिएक्टिवेट कर दिया है। इस सर्विस से गूगल यूक्रेन में ट्रैफिक डेटा और अपडेशन देता है, लेकिन फिलहाल के लिए ये सेवा बंद कर दी गई है। इस सर्विस के बंद होने से रूसी सेना को यूक्रेन के शहरों और नागरिकों तक पहुंचने में कठिनाई होगी जिससे कई सारे यूक्रेनी नागरिकों की जान बच पाएगी। दरअसल, गूगल ने यूक्रेन में उन जगहों को मैप पर दिखाना बंद कर दिया है, जहां ट्रैफिक और लोगों की भीड़ ज्यादा है। इस सर्विस के हटने से स्मार्टफोन पर यूक्रेन में कई जगहों की लोकेशन नहीं मिल पा रही है। गूगल की भी पूरी कोशिश है कि रूस ऐसे जगहों को ज्यादा टारगेट न बना पाए जहां लोगों की संख्या ज्यादा है। रूसी सेना को गुमराह करने के लिए गूगल ने इस तरह के कदम उठाए हैं। हालांकि, रूसी सेना को गुमराह करने के लिए यूक्रेन की सरकार ने भी देश के मुख्य रास्तों पर लगे साइन बोर्ड को हटाने के निर्देश दिए थे।