भोपाल : किड्स वैली स्कूल में शिक्षकों व छात्र-छात्राओं ने पौधारोपण अभियान चलाया। इस दौरान विभिन्न प्रजातियों के पौधे लगाए गए। शिक्षकों व छात्र-छात्राओं ने पेड़-पौधों के संरक्षण का संकल्प भी लिया। प्रधानाचार्य मनोज यादव ने विद्यालय में कटहल, बेल, फाइकस, एग्जोरा आदि प्रजातियों के पौधे लगाकर कार्यक्रम का शुभारंभ किया। उन्होंने बताया कि पेड़-पौधे हमारे जीवन के लिए महत्वपूर्ण हैं। इनसे हमें प्राणदाई आक्सीजन प्राप्त होती है। पेड़-पौधों से हमें कई प्रकार की औषधियों व फल-सब्जी भी मिलती हैं। पेड़-पौधों को रोपकर इनके संरक्षण की शपथ लेनी चाहिए, जिससे पर्यावरण को सुरक्षित रखा जा सके। इस मौके पर वन्दना वर्मा, अनुपम चौहान, सनी पोरवाल, शैलेंद्र, राजीव, राहुल, सोमवीर, अंकित आदि मौजूद रहे। इसी क्रम में एनसीसी केडेट्स ने राजकीय बालिका इन्टर कालेज में पौधे रोपित किए। यहां कालेज की एनसीसी केडेट्स ने शिक्षिकाओं के साथ पौधे लगाए। इन पौधों में नींबू, आंवला, आम, अशोक, फाइकस आदि के पौधे शामिल थे। एनसीसी अफिसर उषा यादव ने कहा कि ग्लोबल वार्मिंग से बचाव के लिए पौधे रोपना जरूरी है। कालेज की प्रधानाचार्य अंजूश्री ने कहा कि पौधों से हमें कई लाभ हैं। पौधे पर्यावरण के संरक्षण व संतुलन बनाए रखने में सहायक होते हैं। इसलिए हमें पेड़-पौधे रोपकर इनके संरक्षण का प्रयास करना चाहिए।
शिक्षक-शिक्षिकाओं ने लगाए पौधे, लिया संरक्षण का संकल्प