एक ओर जहां पूरा विश्व पर्यावरण को लेकर चितित है, वहीं उड़ीसा के ब्रह्मापुर निवासी दामोदर आचार्य ने साइकिल से यात्रा करते हुए दिल्ली जाने का फैसला लेकर निकल पड़े हैं। साथ ही समाज में पर्यावरण के प्रति जागरूकता फैलाने का भी काम कर रहे हैं। उड़ीसा से साइकिल चलाते हुए दिल्ली पहुंचकर दामोदर आचार्य प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और पर्यावरण मंत्री प्रकाश जावड़ेकर से मिलकर अपनी बात रखेंगे। दामोदर रास्ते में कई जगह पर रुक-रुक कर लोगों को पर्यावरण संरक्षण के लिए संदेश भी देते जा रहे हैं। इसी क्रम में रविवार को रामगढ़ के सुभाष चौक पहुंचने के बाद सुभाष चौक पर लगी सुभाष चंद्र बोस की प्रतिमा पर माल्यार्पण किया और समाज के कई लोगों को पर्यावरण संरक्षण की बात भी कही। मौके पर दामोदर आचार्य के स्वागत के लिए समाज के कई लोगों ने उनका स्वागत फुल माला पहनाकर किया। उनके साथ अपने मोबाइल से सेल्फी ली और उनके इस कदम की सराहना भी की। दामोदर आचार्य उड़ीसा के ही मेडिकल कॉलेज के प्रबंधक की गाड़ी चलाते हैं। उनका कहना है कि पूरे साल में उन्होंने सारी छुट्टियां इसलिए बचा रखी थी ताकि एक साथ उन छुट्टियों का उपयोग साइकिल यात्रा में किया जा सके। उनका कहना है कि साइकिल यात्रा की प्रेरणा उन्हें राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के पर्यावरण संरक्षण की मुहिम को देखते हुए मिली। राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के प्रमुख डॉक्टर मोहन भागवत के संबोधन से प्रेरित होकर साइकिल यात्रा निकालने की योजना बनाई। उन्होंने कहा कि वह 25 जनवरी को ही उड़ीसा से साइकिल यात्रा करते हुए निकले हैं। मौके पर सुभाष चौक पर दामोदर आचार्य के स्वागत के लिए मनीष अग्रवाल, राजेश ठाकुर, प्रवीण अग्रवाल, रवि मिश्रा, आनंद कृष्ण बरेलिया, नानू रामजी गोयल, अमित अग्रवाल, प्रभात अग्रवाल और हिमांशु पांडे सहित दर्जनों लोग मौजूद थे।
पर्यावरण बचाने का संदेश देने के लिए दिल्ली के लिए रवाना एक शख्स