जोरहाट/डिबू्रगढ़ : देश तथा राज्य के अन्य जिलों के साथ ऊपरी असम में भी एक बार फिर कोरोना की रफ्तार बढ़ने लगी है। ऊपरी असम के जोरहाट व डिबू्रगढ़ में आज जहां कोरोना ने 50 का आंकड़ा पार किया, वहीं डिबू्रगढ़ में संक्रमण की चपेट में आने से तीन लोगों की मौत होने की पुष्टि भी हुई है। जानकारी के अनुसार जोरहाट जिले में पिछले तीन दिनों में निकले 71 मामलों के बाद आज कोरोना का बम फिर फटा। जिले में आज कोरोना के 56 नए मामले सामने आए। इनमें से 18 मामले सिर्फ नगर के बाबू पट्टी स्थित पंजाब नेशनल बैंक की क्षेत्रीय शाखा में निकले। एक साथ इतने लोगों के संक्रमित पाए जाने से हड़कंप मच गया। इस संदर्भ में जानकारी देते हुए अतिरिक्त उपायुक्त दामोदर बर्मन ने बताया कि बैंक के दो कर्मचारी कल पॉजिटिव पाए गए थे। बाहर से आए एक कर्मचारी में कोरोना के लक्षण पाए जाने के बाद उसका स्वास्थ्य परीक्षण कराया गया तो वह पॉजिटिव पाया गया। इसके बाद सभी कर्मचारियों की जांच की गई। जिसमें आज के 18 मामले सहित कुल 20 लोग कोरोना संक्रमित पाए गए हैं। बर्मन ने कहा कि बैंक को अगले 14 दिनों के लिए  कंटेनमेंट ज़ोन कर दिया गया है। इधर जिले में आज निकले 56 मामलों के बाद एक्टिव केस की संख्या बढ़कर 180 हो गई है। वहीं पॉजिटिविटी रेट भी बढ़कर 4.37 तक पहुंच चुकी है। एडीसी बर्मन ने लोगों से कोविड प्रोटोकॉल का सख्ती से पालन करने का अनुरोध किया है। वहीं दूसरी तरफ डिब्रूगढ़ में भी एक ही दिन में कोरोना संक्रमण की संख्या दुगनी हो गई है। जबकि तीन लोगों की मौत होने की जानकारी प्रशासन ने दी। डिब्रूगढ़ जिले के स्वास्थ्य विभाग के नोडल अधिकारी डॉ. नवज्योति गोगोई ने जिले में लगातार कई दिनों से हो रही कोविड टेस्टिंग में दौरान संक्रमितों की संख्या में हर रोज इजाफा हो रहा है। इस बीच आज कुल 50 नए मामले सामने आए। मालूम हो कि जिले में कल कोरोना के कुल 21 मामले निकले थे।