गुवाहाटी : राज्य में कोविड-19 मामलों में तेजी से वृद्धि होने के मद्देनजर मुख्यमंत्री हिमंत विश्व शर्मा ने बुधवार को राज्यवासियों को कोविड-19 के ओमिक्रोन के बारे में आगाह किया। उल्लेखनीय है कि असम और इसकी राजधानी गुवाहाटी में हाल ही में कोविड-19 मामलों में तेज वृद्धि हो रही है। हालांकि एक संभावित तालाबंदी का सवाल एक बार फिर सामने आया तो मुख्यमंत्री ने राज्य में किसी भी पूर्ण तालाबंदी से इंकार कर दिया। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार वृहस्पति को स्थिति की समीक्षा करेगी। मुख्यमंत्री ने आगे कहा कि राज्य पिछले साल पूर्ण लॉकडाउन लागू किए बिना कोविड-19 की दूसरी लहर को नियंत्रित करने में कामयाब रही और इस बार भी सरकार ऐसा करने में सक्षम होगी। मुख्यमंत्री शर्मा ने कहा कि ओमिक्रोन वैरिएंट का पूरे देश में फैलना चिंताजनक है। अब यह लगभग स्पष्ट है कि कोविड की तीसरी लहर आ रही है। हालांकि पूर्ण लॉकडाउन स्थिति से निपटने का समाधान नहीं है। हमें कई लोगोंकी आजीविका पर विचार करने की जरूरत है, खासकर दिहाड़ी मजदूरों की। राज्य सरकार कोविड-19 की तीसरी लहर का सामना करने को तैयार है। सीएम ने बताया कि वह वृहस्पतिवार को वर्तमान स्थिति की समीक्षा के लिए स्वास्थ्य विभाग के साथ चर्चा के लिए बैठेंगे। उन्होंने कहा कि अगर कोविड-19 के मामले लगातार बढ़ते रहे तो कुछ प्रतिबंध लगाए जाएंगे। स्वास्थ्य विभाग के साथ स्थिति की समीक्षा की जा रही है और कोविड दिशा-निर्देशों को संशोधित किया जा सकता है। हालांकि, अर्थव्यवस्था और लोगों की आजीविका को ध्यान में रखते हुए राज्य में तालाबंदी नहीं की जाएगी। सीएम ने लोगों से अनुरोध किया कि वे कोविड प्रोटोकॉल का पालन करें और अपने टीके समय पर लें। फिलहाल राज्य सरकार ने राज्य में रात 11ः30 बजे से सुबह 6 बजे तक रात का कर्फ्यू लगा दिया है। मंगलवार को असम में कोविड-19 के 475 मामले सामने आए, जिनमें से 190 मामले कामरूप (मेट्रो) जिले में पाए गए। उल्लेखनीय है कि पिछले 24 घंटे में असम में ओमिक्रोन के दो मामले सामने आए। पहला मामला राज्य के सोनापुर में सामने आया, जबकि दूसरा मामला होजाई में सामने आया। प्राप्त जानकारी के अनुसार सोनापुर में रहने वाला एक 13 साल का बच्चा ओमिक्रोन से संक्रमित पाया गया। जानकारी के मुताबिक परिवार काफी समय से मुंबई में रह रहा था और हाल ही में शहर में शिफ्ट हुआ है। इस बीच होजाई में दूसरे मामले का पता चला। संक्रमित व्यक्ति की पहचान अहमद हुसैन के रूप में की गई, जो हाल ही में सऊदी अरब से वापस आया था। फिलहाल वह स्वास्थ्य विभाग की निगरानी में है।
राज्य में ओमिक्रोन की एंट्री सरकार करेगी स्थिति की समीक्षा