नई दिल्ली, कोलकाता : देश में कोरोना के मामले एक बार फिर तेजी से बढ़ रहे हैं। विभिन्न राज्यों में लगातार प्रतिबंधों का एलान किया जा रहा है। दिल्ली, उत्तर प्रदेश, बिहार, पंजाब, पश्चिम बंगाल, ओडिशा, कर्नाटक, गोवा, हरियाणा, तेलंगाना, झारखंड में स्कूलों को बंद कर दिया गया है। देश में कोरोना वायरस के मामले एक बार फिर तेजी से बढ़ रहे हैं। कोरोना का नया और अधिक संक्रामक वैरिएंट ओमिक्रोन भी तेजी से फैल रहा है और हालात जल्द ही तीसरी लहर की ओर इशारा कर रहे हैं। इसी के साथ दुनिया भर के देशों के साथ भारत में भी प्रतिबंधों के दौर की फिर से शुरुआत हो गई है। दूसरी लहर की तरह इस बार भी राष्ट्रीय राजधानी नई दिल्ली और महाराष्ट्र सबसे ज्यादा प्रभावित दिख रहे हैं। प्रतिबंधों की बात करें तो दिल्ली में वीकेंड कर्फ्यू की शुरुआत कर दी गई है और वर्क फ्रॉम होम की व्यवस्था एक बार फिर लागू की जा रही है। मुंबई में कोरोना संक्रमण के तेजी से बढ़ते मामलों को देखते हुए जल्द ही लॉकडाउन लग सकता है। वहीं, पंजाब, झारखंड, राजस्थान और पश्चिम बंगाल जैसे राज्यों में शिक्षण संस्थानों को बंद कर दिया गया है। इसके साथ ही रात्रि कर्फ्यू समेत अन्य कई प्रतिबंध भी लागू किए गए हैं। मुंबई की मेयर किशोरी पेडनेकर ने मंगलवार को कहा कि अगर शहर में कोरोना के मामले 20 हजार का आंकड़ा पार कर जाते हैं तो यहां केंद्र सरकार के नियमों के अनुसार लॉकडाउन लागू किया जाएगा। मेयर ने लोगों से अपील की है कि सार्वजनिक बसों और लोकल ट्रेन में सफर करते समय तीन परत वाला मास्क पहनें। जिन्होंने टीका नहीं लगवाया है वह तुरंत टीका लगवाएं और कोरोना संबंधी सभी नियमों का गंभीरता के साथ पालन करें। दिल्ली सरकार ने ओमिक्रोन के मामलों के तेजी से प्रसार के बीच मंगलवार को सप्ताहांत पर कर्फ्यू लगाने का फैसला किया है। उप मुख्यमंत्री मनीष सिसोदिया ने इस फैसले की जानकारी देते हुए बताया कि शनिवार और रविवार को कर्फ्यू रहेगा। इसके अलावा आवश्यक सेवाओं के अलावा सभी सरकारी कर्मचारी घर से काम करेंगे। निजी कार्यालयों को 50 फीसदी की क्षमता के साथ काम करने की अनुमति दी गई है। हालांकि, मेट्रो और बसों का पूर्ण क्षमता के साथ संचालन जारी रखा जाएगा। पंजाब सरकार ने भी कोविड मामलों में तेजी को देखते हुए रात्रि कर्फ्यू लगाने और शिक्षण संस्थानों को बंद करने का एलान किया है। दूसरी ओर स्वास्थ्य विशेषज्ञों के अनुसार पश्चिम बंगाल और पूर्वी भारत का सबसे बड़ा महानगर कोलकाता कोविड -19 महामारी की तीसरी लहर की चपेट में है, जिसके फरवरी तक बने रहने की आशंका है और इस महीने के दूसरे सप्ताह में संक्रमण के मामले चरम पर पहुंच सकते हैं। उन्होंने इसके लिए बड़ी सभाओं और उत्सवों के लिए अनुमति देने में राज्य प्रशासन की ओर से दूरदर्शिता की कमी के साथ ही आम लोगों की आत्मसंतुष्टि को जिम्मेदार ठहराया।
भारत में कोरोना : मुंबई में जल्द लग सकता है लॉकडाउन, दिल्ली में वीकेंड कर्फ्यू