गुवाहाटी : असम कांग्रेस ने शुक्रवार को अपने विधायक शशिकांत दास को यह कहते हुए पार्टी से निलंबित कर दिया कि वह पार्टी विरोधी गतिविधियों में लिप्त हैं। मुख्यमंत्री डॉ.हिमंत विश्वशर्मा के साथ मौजूद दास ने 20 दिसंबर को घोषणा की थी कि वह सरकार में शामिल हो गए हैं लेकिन कांग्रेस में बने रहेंगे। उल्लेखनीय है कि विधानसभा परिसर में मुख्यमंत्री के चैंबर से टिप्पणी करने के तुरंत बाद कांग्रेस ने रोहा से पहली बार विधायक बने दास को कारण बताओ नोटिस दिया था और एक दिन के भीतर अपना रुख स्पष्ट करने को कहा था। कांग्रेस ने एक बयान में कहा कि पार्टी ने अनुशासन का बार-बार उल्लंघन करने और पार्टी विरोधी गतिविधियों में शामिल होने के लिए उन्हें अनुशासनात्मक कार्यवाही लंबित रहने तक तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया गया है। दशकों से कांग्रेस में रहे दास ने कहा था कि वह डॉ. को कई वर्षों से जानते हैं और असम में सभी समुदायों के विकास के लिए सरकार द्वारा शुरू किए गए सक्रिय कदमों से प्रभावित हैं। राज्य की प्रमुख विपक्षी पार्टी कांग्रेस ने अक्टूबर में एक अन्य विधायक शेरमान अली अहमद को पार्टी अनुशासन का उल्लंघन करने के लिए निलंबित कर दिया था। अहमद को सितंबर में दरंग जिले में बेदखली अभियान के संबंध में उनकी कथित सांप्रदायिक टिप्पणी के लिए गिरफ्तार किया गया था,जिसमें दो नागरिकों की मौत हो गई थी और पुलिसकर्मियों सहित 20 से अधिक घायल हो गए थे। वर्तमान में 126 सदस्यीय विधानसभा में भाजपा के विधायकों की संख्या 62 है, जबकि उसकी सहयोगी अगप के नौ सदस्य हैं और यूपीपीएल के सात विधायक हैं। विपक्ष में कांग्रेस के 27, एआईयूडीएफ के 15, बीपीएफ के तीन और माकपा का एक विधायक है। एक निर्दलीय विधायक भी है।
कांग्रेस ने हिमंत सरकार को समर्थन की घोषणा करने वाले विधायक शशिकांत को किया निलंबित