पूर्वांचल प्रहरी डेस्क संवाददाता
गुवाहाटी : स्वास्थ्यमंत्री केशव महंत ने संवाददाता सम्मेलन में कोविड के खिलाफ लड़ाई में सरकार का सहयोग करने के लिए मीडिया की सराहना की। संवाददाता सम्मेलन में स्वास्थ्यमंत्री ने सूचित किया कि राज्य में 6 लाख 20 हजार 563 लोग कोविड से पीड़ित हुए थे। इनमें से 6 लाख 12 हजार लोग स्वस्थ हो गए परंतु 6,164 लोगों की मौत हो गई। स्वास्थ्यमंत्री ने कहा कि कोरोना के नए वैरिएंट ओमिक्रोन का मुकाबला करने के लिए सरकार तैयार है। विभिन्न अस्पतालों में 9 हजार बैड तैयार रखे गए हैं। 1000 आईसीयू बैड तैयार हैं जिनमें से 600 साधारण कोविड मरीजों के लिए और 2600 ऑक्सीजन संयुक्त बैड गंभीर रूप से संक्रमित मरीजों के लिए रखे गए हैं। स्वास्थ्यमंत्री ने आगे कहा कि संक्रमण तेजी से बढ़ रहा है और तीन दिनों में तिगुणा बढ़ चुका है। संक्रमण से बचने के लिए टीकाकरण पर अधिक जोर दिया जा रहा है। 3 जनवरी से 9 जनवरी तक 15 साल से 18 साल तक के उम्र वाले लोगों का टीकाकरण किया जाएगा। स्कूली बच्चों का टीकाकरण सरकार का पहला लक्ष्य होगा। इसके लिए हर जिले के उपायुक्त पर दायित्वभार सौंपा गया है। स्वास्थ्यमंत्री ने छात्र-छात्राओं को वैक्सीन की दोनों खुराकें लेने के बाद ही परीक्षा में बैठने का अनुरोध किया। अंतर्राष्ट्रीय यात्रा करने वालों को कोविड परीक्षण करना अनिवार्य है और परीक्षण परिणाम निगेटिव होने पर भी 7 दिनों तक उन्हें क्वारंटाइन रहना होगा। स्वास्थ्य कर्मी उनके घर जाकर दो बार परीक्षण करेंगे। टीकाकरण के संदर्भ में मंत्री महंत ने कहा कि राज्य में अबतक 3 करोड़ 75 लाख लोगों का टीकाकरण हो चुका है। इनमें से 2 करोड़ 7 लाख लोग वैक्सीन की पहली खुराक ले चुके हैं और 1 करोड़ 7 लाख लोग दूसरी खुराक ले चुके हैं। 10 दिसंबर से 60 साल के ऊपर वाले लोगों को वैक्सीन की तीसरी खुराक बुस्टर डोज के रूप में दिया जाएगा। राज्य में निर्माणाधीन चिकित्सा महाविद्यालयों के बारे में उल्लेख करते हुए मंत्री ने कहा कि अब 8 नए मेडिकल कॉलेजों का निर्माण कार्य चल रहा है। नए साल में धुबड़ी मेडिकल कॉलेज के निर्माण का काम भी शुरू किया जाएगा। संवाददाताओं से उन्होंने यह भी कहा कि गुवाहाटी के कालापहाड़ में एक और मेडिकल कॉलेज का निर्माण किया जाएगा। एमएमसीएच में 800 बैड वाला सुपर स्पेशलिटी अस्पताल का निर्माण होगा। पहली जनवरी से एमएमसीएच की सेवा बंद होगी। इसके स्थान पर धीरेनपाड़ा तथा पांडु चिकित्सालय में सेवा जारी रहेगी। मार्च महीने तक 8 नए कैंसर अस्पताल जनता की सेवा में समर्पित किए जाएंगे। राज्य के 4600 उप स्वास्थ्य केंद्रों में से 2380 को स्वास्थ्य केंद्र के रूप में विकसित किया जाएगा। उन्होंने आगे कहा कि 3361 नए चिकित्सकों को नियुक्ति किया गया है।