गुवाहाटी : मुख्यमंत्री डॉ. हिमंत विश्व शर्मा ने वृहस्पतिवार को ऋषिकेश में स्वामी चिदानंद सरस्वती से मुलाकात की। इस दौरान उन्होंने परमार्थ निकेतन में गंगा आरती में भाग लिया। स्वामी चिदानंद सरस्वती के अनुरोध पर डॉ. शर्मा ने उपस्थित लोगों के समक्ष सनातन धर्म पर अपना विचार व्यक्त किया। डॉ. शर्मा ने कहा कि मैं यहां अन्य लोगों की तरह ही गंगा मां की आरती देखने आया था। मां गंगा हमारा राष्ट्रीय संसाधन है। सनातन धर्म में गंगा सबसे अधिक पूजनीय हैं। हम देश के लिए, विश्व के लिए जो भी करें सबके साथ मिलकर सबकी भलाई के लिए करना चाहिए। उन्होंने आगे कहा कि सनातन धर्म हमें अच्छा काम करने की सीख देता है। यह हमें मानव प्रेम सिखाता है। इस धर्म के समक्ष जो भी चुनौती आए सबसे मुकाबला करके इसे तथा भारतवर्ष को विकास के शिखर तक पहुंचाना होगा। यही हमारा धार्मिक कर्तव्य होना चाहिए। मुख्यमंत्री ने उपस्थित लोगों को  संबोधित करते हुए उन्हें असम आने का न्यौता दिया। उन्होंने कहा कि पूर्वोत्तर में मां कामाख्या है,परशुराम कुंड है। यहां आने पर मन प्रसन्न हो जाता है। उल्लेखनीय है कि पिछले पांच दिनों से मुख्यमंत्री व्यक्तिगत कार्यक्रम लेकर सपरिवार राज्य के बाहर है।