पुर्वांचल प्रहरी कार्यालय संवाददाता

तिनसुकिया : तिनसुकिया में छह लोगों के कोरोना पॉजिटिव होने की खबर है। इन छह लोगों में कुछ अलग तरह का वैरिएंट पाए जाने के बाद तिनसुकिया जिला प्रशासन काफी सतर्क हो चुकी है। कारण कि उन छह लोगों में अलग वैरिएंट पाए जाने के साथ ओमिक्रोन से संक्रमित होने का संदेह व्यक्त किया जा रहा है। हालांकि सम्पूर्ण जांच के बाद ही पता चल पाएगा की जिन छह लोग में कोरोना के नए वैरिएंट पाए गए हैं वह ओमिक्रोन है या नहीं। मिली जानकारी के अनुसार लाहोवाल स्थित आरएमआरसी में विकसित किट द्वारा किए गए परीक्षणों के परिणाम के अनुसार तिनसुकिया में छह कोविड-पॉजिटिव रोगियों में नए वैरिएंट पाए गए हैं, जिसे ओमिक्रोन संस्करण से संक्रमित होने का संदेह  है। नमूने पूरे-जीनोम अनुक्रमण और आगे की पुष्टि के लिए नॉर्थ ईस्ट इंस्टीट्यूट ऑफ साइंस एंड टेक्नोलॉजी, जोरहाट को भेजे गए हैं। सूत्रों के अनुसार संक्रमित व्यक्तियों में से एक 57 वर्षीय पुरुष नाइजीरिया के लागोस से एक सप्ताह से अधिक समय पहले लौटा था। व्यक्ति के परिवार और एक नौकरानी के साथ परीक्षण के लिए नमूना लिया गया था। उस व्यक्ति को दोहरा टीका लग चुका है और उसके नमूने 17 दिसंबर को एकत्र किए गए थे। इस मामले में तिनसुकिया जिला के उपायुक्त नरसिंह पवार संभाजी से पूछे जाने पर उन्होंने बताया लोगों को किसी भी प्रकार से भयभीत होने की जरूरत नहीं है।कारण कि जैसे ही उक्त व्यक्ति की जांच में कोरोना संक्रमित होने का कुछ अलग वैरिएंट पाया गया। उनके पूरे परिवार को आइसोलेशन कर दिया गया, वहीं नमूने पूरे-जीनोम अनुक्रमण और आगे की पुष्टि के लिए जोरहाट भेजे गए हैं। पूरे जीनोम सीक्वेंसिंग की रिपोर्ट मिलने के बाद ही सही स्थिति का पता चलेगा।