पूर्वांचल प्रहरी स्टाफ रिपोर्टर

गुवाहाटीः आज बिहार, उत्तर प्रदेश व झारखंड के कई जिलों में भोजपुरी के शेक्सपीयर कहे जाने वाले भिखारी ठाकुर की जयंती मनाई गई। आज के दिन बिहार के छपरा जिले के कुतुबपुर दियरा के साथ ही अन्य स्थानों पर उनकी प्रतिमा पर लोगों ने फूल-माला चढ़ाकर एवं उनके गानों की प्रस्तुति देकर उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की, परंतु भोजपुरिया नेता, अभिनेता, कलाकार व अन्य अपने आप को स्टार, सुपर स्टार तथा पावर स्टार कहलाने वाले लोग भोजपुरी को आठवीं अनुसूची में शामिल करना तो दूर  भिखारी ठाकुर को भी भूल से गए हैं। यह कहना है प्लेबैक और लोकगीत गायिका तथा असम की बेटी कल्पना पटवारी का। कल्पना ने भिखारी ठाकुर की जयंती पर भारत सरकार से भिखारी ठाकुर को मरणोपरांत भारत रत्न देने की मांग उठाई है। उन्होंने पूर्वांचल प्रहरी को बताया कि मैं भिखारी ठाकुर को 18-19 सालों से जानती हूं, पर आज भी भिखारी ठाकुर को वह सम्मान नहीं मिला जिसके वे हकदार थे।