कराची/इस्लामाबाद : पाकिस्तान की वित्तीय राजधानी कराची में सीवेज प्रणाली में हुए भीषण विस्फोट में शनिवार को कम से कम 14 लोगों की मौत हो गई जबकि 12 अन्य घायल हो गए। अखबार ‘एक्सप्रेस ट्रिब्यून’ के मुताबिक कराची के शेरशाह इलाके में एचबीएल बैंक की इमारत ढंके हुए सीवर के ऊपर बनी हुई थी और विस्फोट के हताहतों में ज्यादातर एचबीएल बैंक के ग्राहक और कर्मचारी हैं। कराची के प्रशासक मुर्तजा वहाब ने कहा कि विस्फोट के कारणों का पता लगाने के लिए जांच की जा रही है। ‘एक्सप्रेस ट्रिब्यून’ ने कहा कि विस्फोट में सत्ताधारी दल पाकिस्तान तहरीक-ए-इंसाफ के सदस्य आलमगीर खान के पिता समेत 14 लोगों की मौत हुई है। बम निरोधक दस्ते (बीडीएस) की एक प्रारंभिक रिपोर्ट में कहा गया है कि सीवरेज लाइन में गैस जमा होने के कारण विस्फोट हुआ। रिपोर्ट में एक वरिष्ठ अधिकारी के हवाले से कहा गया है कि आतंकवाद निरोधक अधिकारी भी विस्फोट की जांच कर रहे हैं। ‘जियो टीवी’ की रिपोर्ट के अनुसार, पुलिस के एक प्रवक्ता ने स्पष्ट किया कि ऐसा कोई साक्ष्य नहीं है जिससे यह संकेत मिले कि विस्फोट को आतंकवादी घटना से जोड़ा जा सकता है।
कराची में विस्फोट 14 लोगों की मौत