नई दिल्ली : कोरोना के नए वैरिएंट ओमिक्रोन को लेकर खतरा बढ़ता जा रहा है। हेल्थ मिनिस्ट्री, आईसीएमआर और नीति आयोग ने अचानक शुक्रवार को एक के बाद एक प्रेस कांफ्रेंस की और लोगों को चेतावनी भरे लहजे में ओमिक्रोन से सतर्कता और सावधानी बरतने को कहा। सरकार ने ये भी कहा है कि जिन जिलों में 5 प्रति. से ज्यादा केस हैं, वे जरूरी तैयारी शुरू कर दें। आईसीएमआर के डीजी बलराम भार्गव ने बताया कि ओमिक्रोन बहुत तेजी से दुनिया में फैल रहा है। लोगों को सतर्कता बरतते हुए गैरजरूरी यात्रा और भीड़भाड़ से परहेज करना चाहिए। उन्होंने कहा कि जिन राज्यों में कोरोना के नए मामले बढ़ रहे हैं, या यूं कहें कि जो 5 प्रतिशत से ज्यादा पॉजिटिव केस वाले जिले हैं, वे कड़े उपाय लागू करें। हेल्थ मिनिस्ट्री के जॉइंट सेक्रेटरी सचिव लव अग्रवाल और बलराम भार्गव के बाद नीति आयोग के सदस्य (स्वास्थ्य) वीके पॉल ने भी मीडिया से बातचीत की। उन्होंने बताया कि कोरोना से यूरोप के देशों की स्थिति बेहद खराब है। यहां डेल्टा के साथ ओमिक्रोन वैरिएंट के केस भी तेजी के साथ बढ़ रहे हैं। ऐसे में हमें हर एक स्थिति से निपटने के लिए तैयार रहना होगा। केंद्र सरकार भी इस दिशा में तेजी के साथ काम कर रही है। लव अग्रवाल ने बताया कि कोरोना का नया वैरिएंट ओमिक्रोन दुनियाभर के 91 देशों में फैल चुका है। वहीं भारत के 11 राज्यों में नए वैरिएंट के अब तक 101 केस मिल चुके हैं। अग्रवाल ने बताया कि डब्ल्यूएचओ के मुताबिक दक्षिण अफ्रीका में ओमिक्रोन वैरिएंट डेल्टा स्ट्रेन के मुकाबले कहीं ज्यादा तेजी से पांव पसार रहा है। दूसरे शब्दों में कहें तो ओमिक्रोन डेल्टा वैरिएंट से कहीं ज्यादा खतरनाक साबित हो रहा है।
ओमिक्रोन को लेकर सरकार की चेतावनी ट्रैवलिंग और भीड़भाड़ से बचें