पूर्वांचल प्रहरी डेस्क संवाददाता
गुवाहाटी : मुख्यमंत्री ने शुक्रवार को दरंग जिले के सदर मंगलदै के भेबारघाट में भाजपा के नवनिर्मित कार्यालय भवन का उद्घाटन किया। उद्घाटन समारोह में भाग लेने आकर मुख्यमंत्री ने श्रद्धा पूर्ण भाव से भाजपा के कई वरिष्ठ नेताओं के पैर धोकर उनका आशीर्वाद लिया। मुख्यमंत्री ने पूर्व विधायक व साहित्यकार डॉ. नगेंद्र नाथ शर्मा, शशिकांत राभा, अतुल शर्मा, देवेन शील, उत्पल दे, हरनाथ सैकिया, हरिराम सहरिया, नारायण सहरिया, रमणीकांत सहरिया, हीरेन डेका, योगेश्वर शर्मा, डॉ. अमरेंद्र नारायण देव, चंद्र चक्रवर्ती आदि कई वरिष्ठ भाजपा नेताओं के पैर धोकर आशीष ग्रहण किया। भाजपा के कार्यालय भवन का उद्घाटन समारोह में उपस्थित लोगों को संबोधित करके मुख्यमंत्री ने कहा कि असम और पूर्वोत्तर के लोगों ने भाजपा का स्वागत किया। अरुणाचल तथा असम में दूसरी बार के लिए भाजपा सरकार बनी। मणिपुर में भी भाजपा की ताकत बढ़ने लगी है। फिलहाल 45 लाख कार्यकर्ताओं समेत भाजपा दल काफी ताकतवर बन चुका है। मुख्यमंत्री ने आगे कहा कि भाजपा दल तीन ‘क’ - कार्यकर्ता, कार्यालय तथा कोष गठन के जरिए आगे की यात्रा जारी रखेगा। मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य के 14 जिलों में भाजपा के नए कार्यालय भवन निर्माण की व्यवस्था की गई है। बाकी जिलों में भी मंडल स्तर तक ऐसे कार्यालय भवन निर्माण की योजना बनाई गई है। समारोह में मुख्यमंत्री ने कहा कि आगामी 24 अप्रेल में 8 नए कैंसर अस्पतालों के साथ मंगलदै में नवनिर्मित केंसर अस्पताल का उद्धाटन प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा संपन्न किए जाने की संभावना है। समारोह में मंगलदै विधानसभा क्षेत्र के सांसद तथा भाजपा के राष्ट्रीय साधारण सचिव दिलीप सैकिया ने स्वागत भाषण दिया। उक्त अवसर पर भाजपा के राज्यिक अध्यक्ष भवेश कलिता, सिपाझार के विधायक डॉ. परमानंद राजबंशी ने भी अपना विचार व्यक्त किया। समारोह में दरंग जिले के अभिभावक मंत्री चंद्रमोहन पटवारी, भाजपा के राष्ट्रीय सचिव पूर्व सांसद रमेन डेका भी उपस्थित थे।