यह तो हम सभी जानते हैं कि शादी को लेकर हर जगह अपनी-अपनी मान्यताएं और रस्मो-रिवाज हैं। भारत में ही शादी को लेकर कई तरह के रीति-रिवाज हैं। लेकिन आज हम आपको ऐसे रिवाज के बारे में बताने जा रहे हैं, जिसे जानकर आप दंग रह जाएंगे। जी हां, पश्चिमी अफ्रीका में एक ऐसी जनजाति है, जहां शादी करने के लिए किसी दूसरे की पत्नी को चुराना पड़ता है। यहां रिवाज के चलते लोग एक-दूसरे की बीवियों को चुराकर शादी करते हैं। इस अनोखे रस्म और रिवाज से जुड़ी बातों के बारे में आप भी जानिए। दरअसल, पश्चिमी अफ्रीका की वोदाब्बे जनजाति के लोग एक-दूसरे की बीवियों को चुराकर शादी करते हैं। इस तरह की शादी इस जनजाति के लोगों की पहचान है। इस जनजाति के लोगों में एक-दूसरे की पत्नी को चुराने की अजीबोगरीब परंपरा है। बताया जाता है कि इस जनजाति के लोगों की पहली शादी घर परिवार वालों की मर्जी से करवाई जाती है, लेकिन दूसरी शादी करने का रिवाज थोड़ा हटके है। इस जनजाति में दूसरी शादी के लिए किसी की पत्नी को चुराना जरूरी है। अगर ऐसा नहीं कर सकते तो दूसरी शादी करने का अधिकार भी नहीं मिलता है। बता दें कि, इस जनजाति के लोगों के बीच हर साल गेरेवोल फेस्टिवल का आयोजन किया जाता है। इस आयोजन के दौरान लड़के सज-धज कर अपने चेहरे को रंग लेते हैं। इसके बाद सामूहिक आयोजन में डांस और तरह-तरह की गतिविधियों से दूसरे की पत्नियों को रिझाने की कोशिश करते हैं। लेकिन इस दौरान ये ख्याल रखना होता है कि उसके पति को इस बात की जानकारी ना हो। इसके बाद यदि कोई महिला दूसरे पुरूष के साथ भाग जाती है तो उस समुदाय के लोग दोनों को ढूंढकर उनकी शादी करा देते हैं। इस दूसरी शादी को लव मैरिज के तौर पर स्वीकार किया जाता है।