पूर्वांचल प्रहरी डेस्क संवाददाता

गुवाहाटी : राज्य के राजकोष पुष्ट करने का लक्ष्य लेकर मुख्यमंत्री हिमंत विश्वशर्मा के कैबिनेट ने विदेशी शराब पर आबकारी शुल्क बढ़ाने का फैसला लिया था। इस फैसले के आधार पर आबकारी विभाग ने असम के राजपत्र में एक सूचना प्रकाशित करके 10 दिसंबर से शराब की कीमत में बढ़ोत्तरी लागू कर दी। शराब पर आबकारी शुल्क क्यों बढ़ाया गया इसे लेकर बुधवार को मीडिया के सामने आबकारी मंत्री परिमल शुक्लवैद्य ने अपना मंतव्य दिया। मंत्री शुक्लवैद्य ने आबकारी शुल्क से राजकोष को पुष्ट करने की बात का समर्थन किया और इसके साथ कहा कि आबकारी शुल्क से मिले धन राज्य के सड़क, शिक्षानुष्ठान आदि के विकास में व्यय किया जाएगा। उन्होंने यह खुलासा किया कि सामान्य लोगों द्वारा उपयोग किए जानेवाले शराब की कीमत में बढ़ोत्तरी नहीं होगी बल्कि अमीर लोगों द्वारा उपयोग करने वाले लक्जरी ब्रैंडों की कीमत में ही 15 प्रतिशत आबकारी शुल्क बढ़ाई जाएगी। मंत्री ने कहा कि लक्जरी ब्रांड के शराब पीने वाले अमीर लोग राज्य के लिए कुछ आर्थिक सहायता देंगे तो जनता का ही लाभ होगा।